इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला को विदेशी नंबर से मिली जान से मारने की धमकी पर चंडीगढ़ प्रशासन ने पंजाब एंव हरियाणा हाईकोर्ट में अपना जवाब दाखिल किया है। चौटाला को पहले से ही ‘Y’ श्रेणी की सिक्योरिटी मिली हुई है और चंडीगढ़ पुलिस ने उनके आवास पर गश्त बढ़ा दी है। प्रशासन ने कोर्ट से याचिका का निपटारा करने का आग्रह किया है। चंडीगढ़ पुलिस की ओर से डीएसपी (सिक्योरिटी मुख्यालय) लक्ष्य पांडेय ने शपथ पत्र के माध्यम से कोर्ट को अवगत कराया कि इस मामले में पहले ही एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपी की पहचान व गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है। 15 जुलाई को आई थी धमकी
चंडीगढ़ पुलिस के अनुसार 15 जुलाई 2025 को रात करीब 10:55 बजे अभय सिंह चौटाला के पुत्र करण सिंह चौटाला के मोबाइल पर एक वाट्सएप कॉल आई थी, जिसमें कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई। यह कॉल 44 7466 061671 नंबर से आई थी। इस शिकायत पर थाना सेक्टर-3 चंडीगढ़ में एफआईआर नंबर 66 दिनांक 15 जुलाई 2025 दर्ज की गई। फिलहाल, इस मामले में जांच चल रही है। इंग्लैंड नंबर से आई धमकी
शपथपत्र में बताया गया कि साइबर सेल चंडीगढ़ द्वारा जांच के दौरान संबंधित वाट्सएप नंबर के आईपी लॉग्स की जांच की गई, जिसमें यह नंबर ब्रिटिश टेलीकम्युनिकेशंस पीएलसी लंदन (इंग्लैंड) में रजिस्टर्ड पाया गया है। इससे स्पष्ट है कि धमकी विदेशी नेटवर्क के जरिए दी गई थी। पुलिस ने कोर्ट को बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जांच में खतरे का इनपुट
चंडीगढ़ पुलिस ने यह भी कहा कि याचिकाकर्ता की थ्रेट असेसमेंट कराई गई है और रिपोर्ट के अनुसार खतरे की आशंका बनी हुई है। इसी को ध्यान में रखते हुए अभय सिंह चौटाला के चंडीगढ़ स्थित आवास सेक्टर-9/ए मकान नंबर 80 के आसपास बीट पेट्रोलिंग और पीसीआर वाहनों की गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। इसके साथ ही कोर्ट को बताया गया कि अभय सिंह चौटाला हरियाणा सरकार द्वारा पहले से ही संरक्षित व्यक्ति घोषित हैं और उन्हें ‘वाई ’ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की जा चुकी है। इस सुरक्षा व्यवस्था में एक गार्ड टीम के अलावा हरियाणा पुलिस के 7 जवान पायलट और एस्कॉर्ट ड्यूटी पर तैनात हैं, जो डबवाली, जिला सिरसा स्थित तेजाखेड़ा फार्म सहित अन्य स्थानों पर सुरक्षा मुहैया करा रहे हैं। यूपी पुलिस बोली- याचिका का निपटारा हो
इन तथ्यों के आधार पर चंडीगढ़ प्रशासन ने हाईकोर्ट से अनुरोध किया है, चूंकि याचिकाकर्ता को पहले से पर्याप्त ‘वाई ’ सुरक्षा उपलब्ध है और पुलिस ने सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठा लिए हैं, इसलिए वर्तमान याचिका का निपटारा किया जाए।
INLD चीफ अभय के चंडीगढ़ आवास पर गश्त बढ़ी:पुलिस ने हाईकोर्ट में जवाब दाखिल किया, विदेशी नंबर से आई थी धमकी की कॉल
