रोहतक के महम क्षेत्र में भाजपा की तरफ से विकास रैली का आयोजन किया गया, जिसमें सीएम नायब सिंह सैनी बतौर मुख्यातिथि पहुंचे। वहीं, रैली की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने की। रैली में विशिष्ठ अतिथि के रूप में मंत्री कृष्ण लाल पंवार, मंत्री अरविंद शर्मा व मंत्री रणबीर गंगवा पहुंचे। विकास रैली के मंच से सीएम नायब सैनी ने कहा कि 202 करोड़ 77 लाख रुपए की परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया गया है। इनमें सुंदरपुर के अंदर स्कूल की बिल्डिंग बनाना, सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करना, भिवानी सब ब्रांच को मजबूत करना व टाउन पार्क के नवीनीकरण सहित अन्य योजनाएं है। महम चौबीसी के चबूतरे पर लिए निर्णय ने समाज को दी दिशा सीएम नायब सैनी ने कहा कि महम के ऐतिहासिक चबूतरे पर लिए फैसले ने हमेशा समाज को नई दिशा दी है। विकास की नई गाथा आज महम की विकास रैली से लिखी जा रही है। महम भी मजबूत नेतृत्व के साथ आगे बढ़ना चाहता है। विकास के नए शिखर पर ले जाने के लिए सरकार संकल्पबद्ध है। महम के लिए 105 योजनाओं को किया पूरा सीएम नायब सैनी ने कहा कि महम के लिए 121 योजनाओं को शुरू किया गया था, जिसमें से 105 को पूरा कर लिया गया है। बाकी योजनाओं पर काम चल रहा है। पूर्व की सरकार कहती थी कि वोट तो दिया नहीं, काम लेकर आ गए। लेकिन भाजपा ने बिना किसी भेदभाव के काम किया है। विपक्ष आपदा में भी राजनीति चमकाने में लगे सीएम नायब सैनी ने कहा कि विपक्षी दल कोरोना जैसी बीमारी व आपदा में भी अवसर खोजकर राजनीति चमकाने में लग तो है। झूठ फैलाने लग जाते हैं और लोगों को भ्रमित करते है। ऐसे लोगों की बातों में अब नहीं आना है। विपक्ष के पास मुद्दों की दिक्कत सीएम नायब सैनी ने कहा कि विपक्ष के पास मुद़्दों की दिक्कत है। लोगों को गुमराह करने में लगे हुए है। पेट्रोल, डीजल व गैस की कालाबाजारी करने के लिए सरकार की तरफ से चेतावनी भी दी गई है। गैस पाइपलाइन से हर घर तक गैस पहुंचे, इसकी व्यवस्था सरकार कर रही है। महम के लिए 1328 करोड़ रुपए के करवाए काम सीएम नायब सैनी ने कहा कि महम के विकास के लिए भाजपा सरकार ने 1328 करोड़ रुपए खर्च किए गए है। कांग्रेस के लोगों को बताना चाहता हूं, उन्हें आइना दिखाना चाहता हूं कि भाजपा ने साढ़े 11 वर्षों में इतना विकास किया है। जबकि कांग्रेस ने 10 साल में मात्र 584 करोड़ रुपया खर्च किया, जो भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा है। रोहतक के साढ़े 11 हजार युवाओं को दी नौकरी सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने 2 लाख नौकरी देने का काम किया है। पिछले एक साल में 36 हजार नौकरी दी है, जिसमें रोहतक जिले के करीब साढ़े 11 हजार युवाओं को नौकरी दी गई है। फसल खरीद को लेकर विपक्ष फैला रहा झूठ सीएम नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस के लोग फसल खरीद को लेकर अब झूठ फैलाने का काम शुरू कर रहे है। गेट पास में परेशानी आएगी, किसानों को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। लेकिन सरकार ने व्यवस्था कर रखी है, किसी किसान को परेशान होने नहीं दिया जाएगा। फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। कांग्रेस की दुकानें हो चुकी बंद सीएम नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय जिस प्रकार से भ्रष्टाचार होता था, जो भ्रष्टाचार की दुकानें चलती थी, वो दुकानें अब बंद हो चुकी है। जब दुकान बंद हो गई तो उन्हें परेशानी भी हो रही है। ऐसे में लोगों के अंदर भ्रम फैलाकर झूठ बोलने का काम कर रहे हैं। महम हलके को रखा लावारिस विकास रैली के दौरान राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि महम हलका लावारिस रहा। तीन बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी, लेकिन हलके से हिस्सेदारी नहीं मिली। अब हर गांव में गए हैं तो लोगों की आवाज आई कि 2029 में महम से हिस्सेदारी देंगे। जांगड़ा बोले- महम में बसों का टोटा नहीं रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि एक पूर्व विधायक ने लड़कियों के लिए बस चला रखी थीं। जब उसने बस बंद की तो सीएम ने अगले दिन ही बस लगा दी। महम में बसों का टोटा थोड़े है। साथ ही महम में महिला कॉलेज बनाने की मांग भी की, ताकि महिलाओं को बाहर जाना ही ना पड़े। जर्जर बिल्डिंग की करवाई जाए मरम्मत रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि महम में अस्पताल की बिल्डिंग व स्टेडियम भी जर्जर है। उसकी मरम्मत करवाने का काम किया जाए। साथ ही महम को नगर परिषद बनाने की मांग भी सीएम के सामने उठाई। रामचंद्र जांगड़ा ने सीएम ने तालाबों का भी सौंदर्यीकरण करने की मांग की। जांगड़ा ने महम में आईएमटी बनाने की मांग की रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि महम में पर्यटन स्थल का जीर्णोद्धार करवाया जाए। साथ ही एक आईएमटी स्थापित करने व एक सेक्टर बनाकर लोगों को सौगात दी जाए। रामचंद्र जांगड़ा ने एक शेर सुनाया कि आप ऐसे मुस्कराए की हम मदहोश हो गए, जब होश में आए तो आप फिर मुस्करा दिए। मुख्य मंच के साथ बनाया सांस्कृतिक मंच सीएम नायब सिंह सैनी की विकास रैली के लिए सरकारी कॉलेज परिसर में भव्य पंडाल बनाया गया, जिसमें मुख्य मंच के साथ ही सांस्कृतिक मंच बनाया गया। पंडाल को 4 सेक्टर में बांटा गया है, जिसके लिए इंचार्ज भी नियुक्त किए। वहीं, प्रशासन की तरफ से ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी लगाए गए।
रोहतक में 202 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन:सीएम के साथ मंच पर तीन मंत्री मौजूद; जांगड़ा बोले- महम को लावारिस रखा गया
