यमुनानगर जिले में एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा विश्वकर्मा चौक से कमानी चौक की ओर जाने वाले बाईपास पुल पर हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। घायल को प्रत्यक्षदर्शी एम्बुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल यमुनानगर लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान अजय सपरा (28) पुत्र सोम नाथ निवासी न्यू आबादी कैंप के रूप में हुई है, जो पेपर मिल यमुनानगर में कार्यरत था। सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लिया व शव को पोस्टमार्टम कक्ष में रखवाया। शिकायत पर आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। माता-पिता की इकलौती संतान था मृतक के चचेरे भाई दर्पण सपरा ने बताया कि अजय माता-पिता की इकलौती संतान था, जिसकी शादी के लिए रिश्ते की तलाश चल रही थी। बताया कि रात करीब 10 बजे वह अपने निजी काम से फव्वारा चौक आया हुआ था। इसी दौरान उसकी मुलाकात अजय से पेपरमिल गेट पर हुई, जो ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहा था। दोनों अपनी-अपनी मोटरसाइकिल पर घर के लिए निकले। अजय अपनी बाइक पर आगे चल रहा था। जैसे ही वह कमानी चौक से बाईपास पुल के ऊपर विश्वकर्मा चौक की ओर पहुंचा, तभी विश्वकर्मा चौक की तरफ से आ रही एक सफेद रंग की ऑल्टो कार ने तेज रफ्तार और लापरवाही से बिना हॉर्न दिए उसकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। भीड़ इकट्ठी होती देख आरोपी फरार टक्कर लगते ही अजय बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार ड्राइवर कुछ दूरी पर रुककर मौके पर आया, लेकिन वहां भीड़ जमा होती देख वह कार समेत फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से घायल अजय को तुरंत निजी वाहन से सिविल अस्पताल यमुनानगर पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर पुलिस अहाते में खड़ा कराया। सिविल अस्पताल से मिली सूचना के बाद पुलिस ने मृतक का ब्रॉड डेड रुक्का हासिल किया और शव को शवगृह में रखवाया। पुलिस ने कार ड्राइवर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना शहर यमुनानगर से जांच अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि अज्ञात कार ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। आसपास की सीसीटीवी फुटेज जांची जा रही है।आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
यमुनानगर में इकलौते बेटे को कार ने कुचला:इलाज के दौरान तोड़ा दम; शादी के लिए रिश्ता ढूंढ रहे थे परिजन
