यमुनानगर जिले के बिलासपुर क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे ट्राले की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब महिला अपने बेटे के साथ पैदल जा रही थी। गंभीर रूप से घायल महिला को पहले सिविल अस्पताल बिलासपुर और फिर जगाधरी रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान उत्तमवाला की गुरमीत कौर के रूप में हुई है, जोकि दो बच्चों की मां थी। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कक्ष में रखवाया। व्यासपुर थाना पुलिस ने बेटे के बयान के आधार पर अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। निजी काम से बेटे के साथ पैदल जा रही थी शिकायतकर्ता शुभम पुत्र राजपाल निवासी गांव उत्तमवाला ने बताया कि वह 10वीं पास है और मेहनत-मजदूरी करके अपना गुजारा करता है। उनके परिवार में दो भाई हैं। बुधवार को वह अपनी माता गुरमीत कौर के साथ पैदल अपने किसी निजी काम से रणजीतपुर की तरफ जा रहे थे। उसकी माता उससे कुछ आगे सड़क की अपनी साइड पर पैदल चल रही थी। जब वे गांव सुल्तानपुर से थोड़ा आगे रणजीतपुर की ओर पहुंचे, तो सामने से रणजीतपुर की दिशा से एक ट्राला/घोड़ा ड्राइवर अपने वाहन को तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए आ रहा था। ड्राइवर ने सीधे उसकी माता गुरमीत कौर को टक्कर मार दी, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। ट्राला ड्राइवर मौके से हुआ फरार शुभम ने बताया कि हादसे के बाद ट्राला/घोड़ा ड्राइवर अपना वाहन मौके पर छोड़कर वहां से फरार हो गया, जिसका नंबर उसने नोट कर लिया। इसके बाद उसने तुरंत अपनी माता को निजी वाहन की मदद से इलाज के लिए सिविल अस्पताल बिलासपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए सिविल अस्पताल जगाधरी रेफर कर दिया। बाद में वह अपनी माता को एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल जगाधरी लेकर गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही व्यासपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और गुरमीत कौर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस शिकायतकर्ता के अनुसार उसकी माता गुरमीत कौर की मृत्यु ट्राला/घोड़ा ड्राइवर द्वारा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाकर टक्कर मारने के कारण लगी चोटों से हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी ट्राला चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यमुनानगर में ट्राले ने दो बच्चों की मां को कुचला:बेटे संग महिला पैदल जा रही थी काम; वाहन छोड़ ड्राइवर फरार
