यमुनानगर जिले में रेलवे नौकरी का झांसा देकर शादीशुदा महिला से धोखाधड़ी, बेहोश कर रेप, गर्भवती बनाने और बच्चा पैदा होने के बाद धमकियां देने का मामला सामने आया है। महिला ने आरोप रेलवे के ही कर्मचारी पर लगाया है, जिसपर पुलिस ने दो रेलवे कर्मचारियों विनीता जैसवाल और मुकेश जैसवाल निवासी रेलवे काॅलोनी इंदौर मध्य प्रदेश खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। जगाधरी सिटी थाना पुलिस को दी शिकायत में लक्ष्मी बाई नगर, बाड़ गंगा, रेलवे इंदौर निवासी एक महिला ने बताया कि वह शादीशुदा है और उनके तीन बच्चे एक लड़की और दो लड़के हैं। फिलहाल वह यमुनानगर में जड़ोदा गेट के पास रही है। उसका ससुर भारतीय रेलवे में तैनात था, और आरोपी विनीता जैसवाल भी रेलवे में तैनात है, जिसके कारण उसका विनीता के साथ परिचय और घर आना-जाना था। पति ने घर से निकालने पर संपर्क में आई शिकायतकर्ता के पति के साथ वैवाहिक कलह के कारण उसे घर से निकाल दिया गया था, जिसका फायदा उठाते हुए आरोपी विनीता ने उसे विश्वास दिलाया कि उसकी रेलवे में अच्छी पहुंच है और वे उन्हें नौकरी दिलवा सकती है। ऐसे में विनीता ने उसकी मुकेश जैसवाल निवासी रेलवे कालोनी, छोटी ग्वाल्टी इंदौर से मुलाकात कराई। पीड़िता ने बताया कि मुकेश ने भी उसे पूरा भरोसा दिलाया कि उसने पहले भी कई लोगों को नौकरी दिलवाई है, फोन पर किसी उच्च अधिकारी से बात करने का नाटक किया, उसका आधार कार्ड, फोटो लिए और कुछ अंग्रेजी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए। नशीली चाय पिलाकर किया रेप, गर्भवती हुई इसके बाद दोनों आरोपियों ने उसे समझाया कि मुकेश जो भी कहे, उसका पालन करती रहे, क्योंकि वही नौकरी दिलवाएगा। पीड़िता का आरोप है कि उसके पिता ने विनीता को 1 लाख रुपए नकद और सोने के जेवरात भी दिए। दिसंबर 2023 में मुकेश ने उसे इंदौर बुलाया, जहां विनीता पहले से मौजूद थी। विनीता द्वारा लाई चाय पीते ही वह बेहोश हो गई और होश आने पर खुद को निर्वस्त्र पाया। विरोध करने पर मुकेश ने कहा कि इस बारे किसी को पता नहीं चलेगा और जरूरत पड़ी, तो वह उसको अपनाएगा। इसके बाद मुकेश ने इंदौर में उसे किराए का मकान दिया और बार-बार उसकी मर्जी के खिलाफ यौन शोषण करता रहा, जिसके फलस्वरूप शिकायतकर्ता गर्भवती हो गई। मुकेश ने वादा किया कि वह बच्चे को अपना नाम देगा और सभी खर्च उठाएगा। खर्चा देना बंद, जान से मारने की धमकी 8 सितंबर 2024 को शिकायतकर्ता ने एक बच्चे को जन्म दिया। दिसंबर 2024 में मुकेश स्वयं शिकायतकर्ता को यमुनानगर ले आया, यहां किराए का मकान दिलवाया और नियमित रूप से 20-25 दिन में आकर खर्च देता रहा तथा बच्चे की जिम्मेदारी लेने का आश्वासन दिया। पीड़िता का आरोप है कि बाद में मुकेश ने उसको और बच्चे को अनदेखा करना शुरू कर दिया, यमुनानगर आना बंद कर दिया और किसी तरह का खर्च उठाने से इनकार कर दिया। जब उसने नौकरी दिलवाने की बात छेड़ी, तो मुकेश ने साफ कह दिया कि उसने कभी नौकरी दिलवाने की मंशा नहीं रखी थी, सिर्फ यौन शोषण करने के लिए ही विनीता के माध्यम से शिकायतकर्ता से संपर्क किया था। बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकी शिकायत करने की धमकी देने पर दोनों आरोपियों ने फोन पर जान से मारने और नाबालिग बच्चे को भी नुकसान पहुंचाने की धमकियां दी तथा कहा कि यमुनानगर में उनके अपराधी किस्म के जानकार हैं, जो उनके इशारे पर कुछ भी कर सकते हैं। जगाधरी सिटी थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, मामले की जांच कर रहे हैं।
यमुनानगर में 3 बच्चों की मां से रेप:रेलवे में नौकरी का झांसा, गर्भवती होने पर धमकी, 2 पर केस
