यमुनानगर में छात्रा को बेल्ट से पीटकर बालियां-कोका छीना:10वीं का पेपर देकर लौट रही थी, 5 बाइक सवारों ने फाड़ी यूनिफॉर्म

Spread the love

यमुनानगर शहर के थाना बूड़िया क्षेत्र के गांव भोगपुर के पास दिनदहाड़े एक स्कूली छात्रा से लूटपाट का मामला सामने आया है। पांच अज्ञात बाइक सवार युवकों ने छात्रा को कच्चे रास्ते पर खींचकर उसके कानों से सोने की बालियां और नाक का कोका छीन लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने छात्रा को बेल्ट से पीटा और उसकी स्कूल यूनिफॉर्म भी फाड़ दी। घटना के बाद छात्रा सहमी हुई घर पहुंची और पूरी बात अपने माता-पिता को बताई। परिवार ने पहले अपने स्तर पर आरोपियों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। छात्रा को खींचकर कच्चे रास्ते ले गए शिकायतकर्ता अहसान निवासी गांव भोगपुर, थाना बूड़िया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी 15 वर्षीय बेटी सितारा सरकारी स्कूल बूड़िया में दसवीं कक्षा की छात्रा है। 7 मार्च को वह अपना एसएसटी का पेपर देकर बूड़िया से थ्री-व्हीलर में बैठकर घर लौट रही थी। करीब दोपहर 3 बजे वह शाहजादपुर अड्डा पर थ्री-व्हीलर से उतरकर पैदल अपने घर की तरफ जा रही थी। जब वह पुलिया से थोड़ा आगे पहुंची, तो दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच युवक कच्चे रास्ते से आए और उसे पकड़कर कच्चे रास्ते की तरफ ले गए। विरोध करने पर पीटा वहां उन्होंने जबरन उसके कानों से सोने की छोटी बालियां और नाक का कोका निकाल लिया। जब सितारा ने विरोध करते हुए शोर मचाया और अपनी बालियां छीनने से रोकने की कोशिश की तो उनमें से एक युवक ने उसे दो बेल्ट से मारा। इस दौरान दो अन्य युवकों ने बालियां निकालते समय उसकी स्कूल की वर्दी भी फाड़ दी। इसके बाद सभी आरोपी मौके से भाग गए। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस घर पहुंचकर सितारा ने पूरी घटना अपने माता-पिता को बताई। शिकायतकर्ता के अनुसार वह अपने स्तर पर आरोपियों का पता लगाने की कोशिश करते रहे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा, इसलिए उन्होंने पुलिस से मांग की, कि पांचों अज्ञात मोटरसाइकिल सवार युवकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।