फतेहाबाद जिले के टोहाना में आरटीआई कार्यकर्ता परविंद्र की गाड़ी पर गांव पूर्ण माजरा के कुछ लोगों द्वारा हमला और तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस ने पूर्ण माजरा की महिला सरपंच कांता देवी के भाई लाला सहित चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। सरपंच चुनाव की लगाई थी RTI मोबाइल की दुकान चलाने वाले परविंद्र का आरोप है कि गांव पूर्ण माजरा की सरपंच कांता देवी ने फर्जी कागजात लगाकर चुनाव जीता है। इसी को लेकर उसने आरटीआई लगाई हुई है। उनका आरोप है कि इसी रंजिश के चलते सरपंच के भाई लाला ने तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर उनकी गाड़ी को नुकसान पहुंचाया है। घर जाते समय स्कॉर्पियो पर हमला पुलिस को दी शिकायत में परविंद्र ने बताया कि वह अपनी काली स्कॉर्पियो गाड़ी से घर जा रहा था। आईटीआई के पास सिंबल रोड पर कुछ कार सवार लोगों ने उनकी गाड़ी पर राड से हमला किया और हवाई फायर किए। उन्होंने गाड़ी को टोहाना शहर की मार्केट में भीड़ में रोक दिया, जहां चारों आरोपियों ने उनकी गाड़ी पर हमला कर दिया। जांच में फायरिंग की बात सामने आई- SHO टोहाना सिटी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि परविंद्र के बयान पर नामजद आरोपी लाला सहित चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जिस गाड़ी से परविंद्र का पीछा किया गया था, उसका टायर फट गया था, जिसे बरामद कर लिया गया है। जांच में फायरिंग होने की बात भी सामने आई है।
टोहाना में गाड़ी में तोड़फोड़ कर हवाई फायरिंग:चुनाव की RTI लगाने की रंजिश में हमला; सरपंच के भाई समेत चार पर केस
