टोहाना में पिस्तौल दिखाकर व्यापारी से 1.50 लाख लूटे:फायरिंग कर बोले-कल फिर आएंगे, हिमांशु गैंग पर शक; एक को पकड़ा

Spread the love

फतेहाबाद जिले के टोहाना शहर के डांगरा रोड पर स्थित ड्राई फ्रूट के थोक विक्रेता गौरव ट्रेडिंग कंपनी की दुकान पर बुधवार देर शाम लूट की घटना हुई। बाइक सवार तीन बदमाशों ने पिस्तौल की नोक पर करीब डेढ़ लाख रुपये नकद लूट लिए। जाते समय आरोपियों ने दुकान पर फायरिंग भी की और शुक्रवार को फिर से आने की धमकी दी। इस दौरान, दुकान के बाहर काम कर रहे कर्मचारी करमजीत को बदमाशों ने पिस्तौल के बट से मारा, जिससे उसके हाथ में चोट आई। मामले की सूचना पुलिस डीएसपी उमेद सिंह, सीआईए, शहर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इस मामले में गुरुवार सुबह पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया है जबकि दो अभी फरार है। आरोपी की पहचान टोहाना निवासी उदित सैनी के रूप में हुई है। आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा तो उसकी टांग में फ्रेक्चर हो गया। उसे अस्पताल में एडमिट करवाया गया। जहां डॉक्टर ने प्लास्टर किया। अब उसके साथियों के बारे में पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े हुए हैं। स्पलेंडर बाइक पर आए तीन युवक दुकानदार धीरज मेहता ने बताया कि वह अपनी दुकान में काम कर रहे थे, तभी अचानक स्पलेंडर बाइक पर तीन युवक आए। उन्होंने पिस्तौल तानकर रुपयों की मांग की और गल्ले से करीब डेढ़ लाख रुपये निकाल लिए। जाते समय आरोपियों ने दुकान की तरफ फायरिंग की और खुद को किसी गैंग से संबंधित बताते हुए गुरुवार को फिर से आने की धमकी दी। पूर्व मंत्रियों ने दुकान पर पहुंच कर ली जानकारी इस वारदात के बाद पूर्व पंचायत मंत्री एवं बीजेपी नेता देवेंद्र बबली और पूर्व कृषि मंत्री एवं टोहाना से विधायक परमवीर सिंह ने भी दुकान पर पहुंचकर दुकानदार से पूरा मामला जाना। इसके बाद परमवीर सिंह ने एसपी सिद्धांत जैन से भी फोन पर बातचीत की। आरोपी बोले-फिरौती लेने आए हैं दुकान के कर्मचारी करमजीत ने बताया कि जब वह दुकान के बाहर काम कर रहा था, तो उसने बदमाशों से पूछा कि उन्हें क्या चाहिए। इस पर उन्होंने कहा कि वे फिरौती लेने आए हैं और उसे पीछे हटने के लिए कहकर उसके हाथ पर चोट मार दी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर सिटी पुलिस, सीआईए टीमों के साथ-साथ डीएसपी उमेद सिंह भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद दुकानदार से पूरी जानकारी लेकर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस की चार टीमें गठित की डीएसपी उमेद सिंह ने बताया कि धीरज मेहता की दुकान से तीन आरोपी फायरिंग कर करीब डेढ़ लाख रुपये लूट ले गए हैं। पुलिस ने आरोपियों को जल्द पकड़ने के लिए चार टीमें गठित की हैं। आरोपियों ने खुद को किसी गैंग से संबंधित बताया है। उम्मीद है, जल्द ही आरोपी पकड़े जाएंगे।