पंजाब के लुधियाना स्थित साउथ सिटी में सिधवा कैनाल रोड पर बन रहे चार पुलों पर दो दिन से सियासत जारी है। अब राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा और केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू में ठन गई है। शनिवार को केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू सिधवां कैनालपर बन रहे पुलों का जायजा लेने पहुंचे तो रविवार सुबह संजीव अरोड़ा ने पुल का उद्घाटन कर दिया। अब रवनीत सिंह बिट्ट ने शाम को एक वीडियो जारी कर बताया कि जिस पुल का उद्घाटन सुबह राज्य सरकार के मंत्री ने किया शाम को उस पुल को फिर से बंद कर दिया गया। दरअसल, संजीव अरोड़ा ने रविवार सुबह को बिना काम पूरा हुए पुल का उद्घाटन कर दिया ताकि रवनीत सिंह बिट्टू पुल चालू करवाकर क्रेडिट न ले लें। इससे पहले संजीव अरोड़ा ने कहा कि इस पुल के लिए मैंने ही गडकरी से मिलकर काम शुरू करवाया था।
पांच साल पहले बनी थी पुल बनाने की योजना
सिधवां कैनाल के साथ लाडोवाल बाइपास का निर्माण होने के बाद से ही सिधवां कैनाल के साथ बनी कॉलोनियों में रहने वालों ने पुल बनाने की डिमांड की थी। तब रवनीत सिंह बिट्टू कांग्रेस से सांसद थे और भारत भूषण आशु राज्य सरकार में मंत्री थे। आशु ने बिट्टू के जरिए करीब पांच साल पहले नैशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया से चारों पुल पास करवाए। गड़करी से मुलाकात कर रखी थी समस्या संजीव अरोड़ा ने आज कहा कि 4 पुलों का काम चल रहा है और जब मैं 2022 में राज्य सभा सदस्य बना तो मैंने नितिन गड़करी से मुलाकात कर एनएचएआई के चेयरमेन से भी मुलाकात की थी। मैंने उनसे कहा था कि पुल यहां बनना बहुत जरूरी है अन्यथा हमें ट्रैफिक समस्या आती रहेगी। कई कारोबारियों ने भी मुझे इस समस्या के बारे में बताया था। अब चारों पुलों का काम शुरू हो गया। आसान नहीं था पुलों का बननाः संजीव अरोड़ा कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने बताया कि कई डेडलाइन निकल गई, लेकिन ये पुल बनने इतने आसान नहीं थे। कई बार नहर का पानी भी रोकना पड़ा। एनएचआई के मेटीरियल को भी 3 से 4 बार रिजेक्ट किया था, लेकिन अब 1 पुल पूरी तरह से तैयार हो गया है जिसपर आज से आवाजाही शुरू हो गई है। दूसरा पुल भी 10 दिनों में शुरू करवा दिया जाएगा। बाकी बचे दो पुल डेढ़ महीने बाद शुरू होंगे। चारों पुलों का 16 करोड़ रुपए का बजट था। यहां बता दें कि साउथ सिटी के लोगों के लिए ये बड़ी खुशखबरी है कि सिधवां नहर पर बन रहे चार पुलों में से 2 पुल इस महीने के आखिर तक बनकर तैयार हो जाएंगे। आज एक पुल शुरू कर दिया है। दिवाली से पहले दूसरा भी शुरू हो जाएगा। लुधियाना वेस्ट के उपचुनाव में जीते संजीव अरोड़ा बता दें कि पंजाब में 2022 के विधानसभा चुनाव में लुधियाना वेस्ट से गुरप्रीत सिंह गोगी विधायक बने थे, लेकिन जनवरी 2025 में उनकी खुद की पिस्तौल से गोली चलने से घर पर ही मौत हो गई थी। इसके बाद यह सीट खाली हो गई थी। इस सीट को भरने के लिए निर्वाचन आयोग ने जून में उपचुनाव करवाए। इस उपचुनाव में AAP ने राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को अपना उम्मीदवार बनाया। इसके प्रचार में CM भगवंत मान और पार्टी सुप्रीमो केजरीवाल ने लोगों से वादा किया था कि अगर अरोड़ा विधायक बने तो उन्हें मंत्री बनाया जाएगा। इसके बाद लोगों ने अरोड़ा को दिल खोलकर वोट दिए। संजीव अरोड़ा ने 10 हजार 637 मतों के अंतर से जीत हासिल की। उन्हें प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार भारत भूषण आशु से 43.34% अधिक वोट मिले। 5 लाख की आबादी को होगा लाभ इन पुलों के बनने से साउथ सिटी और आसपास के इलाकों में रहने वाले करीब 5 लाख लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। खासकर वीकेंड पर लगने वाले जाम से लोगों को काफी परेशानी होती थी, लेकिन अब उन्हें शहर में आने-जाने के लिए लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। 16.64 करोड़ रुपए की लागत NHAI के अनुसार, सिधवां नहर पर चार पुलों को दिसंबर 2023 में 16.64 करोड़ रुपए की लागत से बनाने की मंजूरी दी गई थी। पुलों के बेस बनाने के लिए सड़क निर्माण एजेंसी को सिधवां नहर में पानी बंद होने का इंतजार करना पड़ा, जिसकी वजह से प्रोजेक्ट में देरी हुई। प्रत्येक पुल की लंबाई लगभग 36 मीटर और चौड़ाई लगभग 11 मीटर होगी।
लुधियाना में पुल को लेकर केंद्र और राज्य में ठनी:मंत्री अरोड़ा ने करवाया उद्घाटन, वीडियो जारी कर रवनीत बिट्टू बोले- ये अधूरा है
