फतेहाबाद के नगर परिषद में हाउस की मीटिंग हंगामे की भेंट चढ़ गई। पार्षदों के बीच काफी देर तक तू-तड़ाक हुई। पार्षद निर्मल सिवाच ने फाइनेंस कमेटी के सदस्य अनिल गर्ग के खिलाफ काफी गुस्सा निकाला। सिवाच ने गर्ग से कहा कि एस्टीमेट तो अब बन जाएंगे, तुमने साइन तो नहीं किए। अब प्रधान की गोदी में बैठ गया। इस पर गर्ग ने पलटवार करते हुए कहा कि नहीं करूंगा साइन, मेरी मनमर्जी, बकवास ना कर ज्यादा। इसके बाद निर्मल सिवाच ने कहा कि इनका कार्यकाल खत्म हो गया है। अब हमें हमारे वार्ड के किसी काम पर इनके साइन नहीं करवाने हैं। इसके बाद पार्षद रमेश तूड़ीवाला, पार्षद सुभाष नायक, रवि मेहता ने भी अपनी बात रखी। प्रधान की अध्यक्षता में हुई मीटिंग दरअसल, मंगलवार को प्रधान राजेंद्र खिंची की अध्यक्षता में हाउस की मीटिंग हुई। इस दौरान वार्डों में विकास कार्यों को लेकर पार्षदों ने अपनी बात रखने शुरू की। थोड़ी देर में ही मीटिंग में हंगामा हो गया। इस दौरान अधिकारियों से भी जवाब मांगा गया। सिवाच का आरोप- अपने वार्ड के काम करवा लिए पार्षद निर्मल सिवाच ने कहा कि फाइनेंस कमेटी के मेंबर बना दिए। इन्होंने 8 पार्षदों के काम करवा लिए। बाकी किसी एमसी का काम नहीं हुआ। अब एक्सईएन ही ट्रांसफर हो गए। अब काम फिर लटक जाएंगे, इनसे पूछना चाहते हैं कि क्यों साइन नहीं किए गए। फाइनेंस कमेटी सदस्य अनिल गर्ग ने अपनी पत्नी के वार्ड में काम न होने पर साइन नहीं किए थे। अब हमारे वार्ड के काम रोक दिए गए हैं। इस कारण उन्होंने मीटिंग में रोष जताया है। काम नहीं हो रहे- प्रधान खिंची प्रधान राजेंद्र खिंची ने कहा कि मेरे लिए सब बराबर हैं। सबके काम होंगे, तब मीटिंग सिरे चढ़ेगी। पार्कों का बुरा हाल है, चौक-चौराहों के काम नहीं हुए हैं। मैंने काफी बार कह भी दिया। अब काम करने वाले एक्सईएन आए थे, लेकिन उनका तबादला हो गया है। ठेकेदार भी बीच में काम छोड़कर जा रहे हैं।
फतेहाबाद में बजट मीटिंग में नगर पार्षदों में तू-तड़ाक:MC का फाइनेंस कमेटी सदस्य पर फूटा गुस्सा; बोले-प्रधान की गोदी में बैठ गया
