कैप्टन अभिमन्यु को लेकर रोधी खाप में दो फाड़:पहले सम्मानित करने का ऐलान; अब प्रधान बोले- राजनीतिक व्यक्ति को नहीं करेंगे

Spread the love

हरियाणा के हांसी शहर में कैप्टन अभिमन्यु को रोधी खाप द्वारा सम्मानित करने के बयान को लेकर खाप दो फाड़ हो गई है। इस मुद्दे पर खाप के दो गुट आमने-सामने आ गए हैं, जहां एक पक्ष ने दूसरे के बयानों को आधिकारिक मानने से इनकार कर दिया है। रोधी खाप के प्रधान सुमेर सिंह जागलान ने चैनत गांव में युवा प्रधान विकास दुहन के घर एक प्रेसवार्ता की। सुमेर सिंह जागलान ने बताया कि कुछ दिन पहले खुद को खाप प्रधान बताने वाले हरदीप शर्मा ने हांसी में एक प्रेसवार्ता कर कहा था कि यदि कैप्टन अभिमन्यु अपनी कोठी जलाने वाले युवकों को माफ कर देते हैं, तो रोधी खाप उन्हें सम्मानित करेगी। जागलान ने स्पष्ट किया कि रोधी खाप किसी भी राजनीतिक व्यक्ति को कभी सम्मानित नहीं करेगी। इस अवसर पर महासचिव ज्ञान सिंह दलाल, वरिष्ठ सदस्य टेकराम चैनत, सुनील चहल, बलजीत चहल, सुभाष खानपुर, उपेंद्र सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। खाप प्रधान बोले- माफ करना था, तो इतनी सजा क्यों काटने दी युवकों को माफी देने के सवाल पर जागलान ने कहा कि यदि उन्हें माफ ही करना था, तो दस साल तक जेल की सजा क्यों काटने दी गई। उन्होंने तर्क दिया कि पहले भी उन्हें माफ किया जा सकता था। उन्होंने यह भी बताया कि जिन लोगों के नाम मामले में दर्ज थे, वे अपनी सजा काट चुके हैं, जबकि अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज मामला अभी भी लंबित हैं। उन्होंने खुद को खाप का प्रधान बताने वाले हरदीप शर्मा के बयान को खाप का आधिकारिक बयान मानने से साफ इनकार कर दिया। जागलान ने हरदीप शर्मा पर खाप के नाम का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हरदीप शर्मा स्वयं को रोधी खाप का प्रधान बता रहे हैं और कैप्टन अभिमन्यु द्वारा प्रायोजित हैं। जागलान ने यह भी दावा किया कि हरदीप शर्मा ने खाप के नाम को भी पंजीकृत करवा रखा है। हरदीप बोले- जागलान स्वयंभू प्रधान वहीं इस मामले में हरदीप शर्मा ने सुमेर सिंह जागलान के आरोपों का खंडन किया। शर्मा ने कहा कि उनकी खाप वर्ष 2016 में पंजीकृत है, जिसका पंजीकरण नंबर 02187 है। उन्होंने जागलान को ‘स्वयंभू प्रधान’ बताते हुए कहा कि खाप में उनका कोई आधिकारिक पद नहीं है। हरदीप शर्मा ने कहा कि वर्ष 2016 में जब कैप्टन अभिमन्यु की कोठी को आग लगाई गई थी, उस समय उनका परिवार भी घर में मौजूद था। इस मामले में 57 युवकों को आरोपी बनाया गया था। उन युवकों को माफी दिलाने के लिए कई बार पंचायतें भी हुई थीं और खाप पंचायतों की बात का सम्मान करते हुए कैप्टन अभिमन्यु ने उन्हें माफ किया है, जिसके लिए उनका धन्यवाद किया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि इस मामले में सुमेर सिंह जागलान के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।