सोनीपत शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बेहोश कर लूटपाट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर की एक काॅलोनी की रहने वाली दो महिलाओं के साथ अज्ञात बदमाशों ने न सिर्फ वारदात को अंजाम दिया, बल्कि बड़ी ही चालाकी से रुमाल में नशीला पदार्थ फेंककर उसे बेहोश कर दिया। होश आने पर पीड़िता को पता चला कि उसके कानों के बाले लूट लिए गए हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नशीला पाउडर फेंककर किया बेहोश साेनीपत के मयूर विहार गली नंबर 26 महिला मीनू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी परिचित पम्मी पत्नी अनिल के साथ कच्चे क्वार्टर क्षेत्र में खरीदारी करने गई थी। दोनों महिलाएं खरीदारी के बाद वापस अपने घर लौट रही थी। जब दोनों महिलाएं कच्चे क्वार्टर के पास पहुंची, तभी दो अज्ञात पुरुष और एक महिला ने उनके ऊपर रुमाल के जरिए कोई नशीला पाउडर फेंक दिया। इससे दोनों बेहोश हो गईं और बदमाश मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। होश आने पर कान के बाले गायब जब मीनू और उसकी साथी को होश आया, तो उन्होंने पाया कि उनके कानों के बाले गायब हैं। इसके बाद पीड़िता ने तुरंत थाना सिविल लाइन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस जांच में लूट की पुष्टि पुलिस अधिकारी पीएसआई रविदास ने बताया कि शिकायत, मौके के निरीक्षण और प्रारंभिक जांच में कानों के बाले छीने जाने की पुष्टि हुई है। इस आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303/318(4) के तहत अपराध पाया गया। थाना सिविल लाइन सोनीपत में धारा 318(4) और 305 बीएनएस के तहत दर्ज कर लिया गया है। मामले की प्रतियां संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई हैं और आगे की जांच के लिए पुलिस टीम को मौके पर रवाना कर दिया गया है। आरोपियों की तलाश में जुटी टीम पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी गई है। आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
सोनीपत में महिलाओं को बेहोश कर कानों के बाले निकाले:शॉपिंग कर लौट रही थी; रुमाल में नशीला पदार्थ डालकर उड़ाया
