सोनीपत में मंत्री अरविंद ने पत्नी संग काटा गेहूं:सिर पर बांधा मंडासा, हाथ में दरांती; किसानों के साथ खाना खाया

Spread the love

सोनीपत जिले के गोहाना में सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा अपनी पत्नी डॉ. रीटा शर्मा के साथ खेत में गेहूं की कटाई करते नजर आए। उन्होंने किसानों और खेत में काम कर रही महिला मजदूरों से भी बातचीत की। मंत्री शर्मा बीते दिनों आंधी और बारिश से फसलों को हुए संभावित नुकसान का जायजा लेने के लिए गांव बिधल के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने खेत में रुककर स्थिति का आकलन करने का फैसला किया। सिर पर मंडासा बांध, दरांती लेकर खेतों में पहुंचे डॉ. अरविंद शर्मा उनका काफिला रजबाहे के पास अजीत पुत्र महेंद्र के खेतों में रुका। डॉ. अरविंद शर्मा ने सिर पर मंडासा बांधा और अपनी पत्नी डॉ. रीटा शर्मा के साथ दरांती लेकर गेहूं की कटाई शुरू कर दी। उन्होंने काफी देर तक ‘लामणी’ (गेहूं कटाई) की और पूली भी बांधी। मंत्री और उनकी पत्नी ने खेत मालिक अजीत की पत्नी ममता, और गेहूं कटाई कर रही पुष्पा व पूनम से फसल की स्थिति और कटाई पर चर्चा की। उन्होंने ममता द्वारा बनाया गया खाना भी खाया और उनके आतिथ्य के लिए आभार व्यक्त किया। कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने पत्नी संग की लामणी कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि उन्होंने अपने बचपन में अपने पिता के साथ खेतों में लामणी की है। इसके बाद भी जब उन्हें मौका मिला तो कई दफा लामणी की। आज उनके साथ धर्मपत्नी डॉ. रीटा शर्मा ने पहली बार लामणी करते हुए अच्छा महसूस किया। इसके बाद कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि यह लग्न की बात होती है। जिसे मिट्टी से प्यार है, खेत से प्यार है, अपने हरियाणा से प्यार है। जो खेत में उतरता है, उसे लामणी करने का जुनून हो ही जाता है। किसानों का एक-एक दाना MSP पर खरीदेगी सरकार सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रदेश में मंडियों में खरीददारी शुरू हो गई है और एक-एक दाना एमएसपी पर खरीद करना सरकार सुनिश्चित करेगी। इस दौरान मौके पर बिधल के पूर्व सरपंच करतार मलिक, कृष्ण, राजेश पंडित, रजनीश मलिक, नवीन, संदीप शर्मा, सुरेश उपस्थित रहे।