सोनीपत जिले के गोहाना में पैसों को लेकर हुए विवाद की रंजिश में बाइक सवार युवक का रास्ता कारों से रोककर कुछ युवकों ने कथित तौर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घायल को पहले गोहाना के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे खानपुर कलां रेफर किया गया। मामले में थाना सदर गोहाना में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। रास्ता रोककर किया हमला गोहाना के गाँव लाठ के रहने वाले दीपक पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि गांव के रोहित को उसकी शादी के दौरान डेढ़ लाख रूपए उधार दिए थे। जब पैसे वापस मांगे गए, तो आपसी कहासुनी हो गई और पैसे देने से मना कर दिया। जिसके चलते उसको धमकी दी गई थी। जहां शाम करीब 7:40 बजे वह मोटरसाइकिल से खानपुर से अपने गांव लौट रहा था। तभी खानपुर से थोड़ा आगे ककाना रोड पर एक सैंट्रो और एक आई-20 कार ने आगे-पीछे से घेरकर उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि कारों से उतरे 6-7 युवकों ने लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया और बुरी तरह मारपीट की। जान से मारने की धमकी का आरोप हमले के दौरान शोर मचाने पर आरोपी युवक मौके से फरार हो गए। जाते समय जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के बाद घायल ने अपने परिचित को फोन किया, जिसने उसे उपचार के लिए गोहाना के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। सरकारी अस्पताल गोहाना में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायल को बीपीएस खानपुर कलां रेफर कर दिया। मेडिकल लीगल रिपोर्ट (एमएलआर) में डॉक्टरों ने छह चोटें दर्ज की हैं, जिन्हें एक्सपर्ट ओपिनियन के बाद ‘ब्लंट’ बताया गया है। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस सरकारी अस्पताल से सूचना मिलने पर थाना सदर गोहाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल का बयान दर्ज किया। प्राप्त शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 115(2), 351(3), 191(3), 190 और 126(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस टीम घटनास्थल के निरीक्षण और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सोनीपत में डेढ़ लाख के लेन-देन में लाठी-डंडों से पीटा:गाड़ी सवार युवकों ने रास्ते में घेरा; खानपुर मेडिकल रेफर
