सोनीपत में दोस्तों ने की दोस्त की हत्या:लोहे की रॉड से सिर पर मारे; फिर 4 फुट गड्ढा खोदकर शव को दबाया

Spread the love

सोनीपत के गांव बेगा से चार दिन पहले गायब हुए 29 वर्षीय युवक सोनू शर्मा उर्फ टिटा की बेरहमी से हत्या की गई। शराब पीने के दौरान पुराने झगड़े को लेकर हुई कहासुनी के बाद तीन दोस्तों ने लोहे की रॉड से सिर पर कई हमले कर सोनू की जान ले ली। हत्या के बाद दोस्तों ने शव को बेगा गांव में यमुना नदी के किनारे करीब तीन से चार फुट नीचे मिट्टी में दबा दिया। युवक के शव पर मुंह, ठुड्डी, होंठ, माथे और सिर पर 7 से 8 गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर शव बरामद कर लिया है, जबकि दो अभी फरार हैं। यमुना किनारे मिट्टी में दबा मिला शव थाना गन्नौर क्षेत्र के गांव बेगा से लापता सोनू शर्मा का शव शुक्रवार सुबह यमुना नदी के किनारे मिट्टी में दबा मिला। पुलिस ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट और एफएसएल टीम की मौजूदगी में शव को बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए खानपुर मेडिकल भेजा गया, जहां प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। 12 जनवरी को दवाई लेने की बात कहकर निकला था सोनू गांव बेगा निवासी सोनू शर्मा उर्फ टिटा 12 जनवरी की शाम दवाई लेने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद सोनू के भाई मोनू ने थाना गन्नौर में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई थी। सीसीटीवी फुटेज से मिले सुराग पुलिस ने शिकायत पर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पता लगा कि सोनू मेडिकल स्टोर से लौटने के बाद राकसेड़ा-बुढ़नपुर रोड पर कई युवकों के साथ शराब पार्टी करने लगा। नशे की हालत में उसकी युवकों के साथ कहासुनी हो गई। इसके बाद झगड़ा बढ़ गया और आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी। हालांकि अभी यह सामने नहीं आया कि हत्या में कितने लोग शामिल थे। गुप्त सूचना पर हिरासत में लिया गया फिरोज सोनू की तलाश के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गांव के ही फिरोज, संजय और कुलदीप ने मिलकर उसकी हत्या कर शव यमुना नदी के किनारे दबा दिया है। सूचना के आधार पर पुलिस ने फिरोज को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की वारदात कबूल कर ली। पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि सोनू, फिरोज, संजय और कुलदीप ने यमुना नदी के पास शराब पी थी। इसी दौरान पुराने झगड़े को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि तीनों ने मिलकर लोहे की रॉड से सोनू के सिर पर कई हमले किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शव को 3 से 4 फुट गड्ढा खोदकर दबाया हत्या के बाद आरोपित सोनू के शव को यमुना नदी के किनारे ले गए और हाथों से गड्ढा खोदकर करीब तीन से चार फुट नीचे मिट्टी में दबा दिया। इसके बाद तीनों मौके से फरार हो गए। एक आरोपित गिरफ्तार, दो फरार
पुलिस ने इस मामले में गांव बेगा निवासी फिरोज, संजय और कुलदीप के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। फिरोज को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। संजय और कुलदीप की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। मृतक सोनू पर दर्ज थे चार आपराधिक मामले
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक सोनू का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। उसके खिलाफ थाना गन्नौर में अवैध हथियार रखने और गवाह को धमकाने के दो मामले दर्ज थे। वहीं खरखौदा थाना में भी अवैध हथियार और लूट के दो केस दर्ज थे। मृतक सोनू खेती-बाड़ी करता था और अविवाहित था। परिवार में माता-पिता और दो भाई हैं। चार दिन से लापता सोनू के शव मिलने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। शुक्रवार को गांव में गमगीन माहौल के बीच सोनू का अंतिम संस्कार किया गया। रिमांड में हथियार बरामद करने की कोशिश
एसीपी ऋषिकांत ने बताया कि रिमांड अवधि के दौरान पुलिस आरोपी फिरोज से हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद करने का प्रयास करेगी। साथ ही फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।