हरियाणा के सोनीपत में एक पिता ने अपनी 23 वर्षीय बेटी का मर्डर कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पड़ोसियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस के अनुसार, युवती की हत्या तेजधार हथियार से की गई है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी बुलाया गया, जो मौके से अहम सुराग इकट्ठा कर रही है। परिवार गोहाना के देवीनगर कॉलोनी में रहता है। मृतक युवती जीएनएम (जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी) की पढ़ाई कर रही थी। उसकी मौत से परिवार और आसपास के लोग सदमे में हैं। FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य वारदात की गंभीरता को देखते हुए गोहाना पुलिस ने FSL (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने, फिंगरप्रिंट्स और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर केस को मजबूत बनाया जाएगा ताकि आरोपी को सख्त सजा मिल सके। पुलिस का बयान गोहाना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है कि आखिर एक पिता ने अपनी ही बेटी के खून से हाथ क्यों रंगे। क्या इसके पीछे कोई घरेलू कलह थी या कोई और बड़ा कारण, इसका खुलासा आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हो पाएगा। खबर लगातार अपडेट की जा रही है…
सोनीपत में पिता ने बेटी का मर्डर किया:तेजधार हथियार से गला काटा, खून से लथपथ मिला नर्सिंग स्टूडेंट का शव
