सोनीपत जिले के एक गांव में युवक को चारपाई पर बांधकर पीटा गया है और अंततः एक युवक की जान चली गई। चार्जिंग पर लगाए गए मोबाइल फोन को लेकर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि तीन लोगों ने मिलकर युवक पर लाठी-डंडों और कस्सी के बिंडों से हमला कर दिया। घायल युवक कई दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझता रहा, लेकिन आखिरकार 6 अप्रैल 2026 को उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट चुकी है। फोन लेने गया युवक, झगड़े में हुआ लहूलुहान गन्नौर के गांव पांची जाटान के रहने वाले जयपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बड़ा बेटा कमलजीत (32) 24 मार्च की शाम को पड़ोसी रामदास के घर अपना मोबाइल लेने गया था, जो वहां चार्जिंग पर लगा हुआ था। आरोप है कि रामदास ने फोन देने से मना कर दिया, जिससे दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट में बदल गया। तीन आरोपियों ने मिलकर किया हमला शिकायत के अनुसार, रामदास, भगवान दास और सोनू ने मिलकर सबसे पहले उसे चारपाई पर बांध दिया। कमलजीत पर लाठी-डंडों और कस्सी के बिंडों से हमला कर दिया। जब काफी देर तक कमलजीत घर नहीं लौटा, तो पिता जयपाल मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने अपने बेटे को गंभीर हालत में पिटते देखा, उन्हें देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। 112 पर कॉल, पहले CHC गन्नौर फिर खानपुर रेफर घटना की सूचना तुरंत 112 नंबर पर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस के जरिए घायल को CHC गन्नौर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे BPS खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज शुरू हुआ। इलाज के दौरान तोड़ा दम करीब 12 दिन तक इलाज के दौरान जिंदगी की जंग लड़ने के बाद 6 अप्रैल को कमलजीत की मौत हो गई। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, उसके शरीर पर कुल 6 चोटें पाई गईं, जो सभी कुंद हथियार (ब्लंट) से लगी थीं। सर्जन और ऑर्थो विशेषज्ञों ने भी चोटों को गंभीर बताया। पहले कार्रवाई से किया था इनकार पुलिस के अनुसार, शुरू में यह पड़ोस का मामला होने के चलते मृतक के पिता ने कार्रवाई से इनकार कर दिया था और समय मांगा था। लेकिन जब इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई, तो पिता ने लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस गन्नौर थाना पुलिस ने जयपाल की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर रामदास, भगवान दास और सोनू के खिलाफ BNS की धारा 103(1) और 3(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने विशेष रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है और मामले की जांच जारी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
सोनीपत में चारपाई से बांधकर युवक की पीट-पीटकर हत्या:चार्जिंग पर लगे फोन को लेकर विवाद, इलाज के दौरान मौत; तीन नामजद
