सोनीपत के गन्नौर क्षेत्र में तीन दिन से लापता एक युवक की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। आपसी रंजिश के चलते युवक की हत्या कर शव को यमुना नदी के किनारे गड्ढा खोदकर दबा दिया गया था। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर उसकी निशानदेही पर शव बरामद किया है। गन्नौर के गांव बेगा निवासी 29 वर्षीय सोनू शर्मा उर्फ टिटा बीते 12 जनवरी की शाम दवाई लेने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। भाई की शिकायत से शुरू हुई जांच सोनू के बड़े भाई मोनू शर्मा ने थाना गन्नौर में दी शिकायत में बताया कि उसका छोटा भाई खेती-बाड़ी करता था और अविवाहित था। परिवार में माता-पिता और दो भाई हैं। सोनू के अचानक गायब होने के बाद परिजनों ने रातभर और अगले दिन तक आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के विश्लेषण से पुलिस को कुछ अहम सुराग हाथ लगे, जिसके बाद एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। सख्ती से पूछताछ में युवक ने हत्या की वारदात और शव को ठिकाने लगाने की पूरी जानकारी दी। शराब पार्टी के दौरान हुई कहासुनी, फिर हत्या जानकारी के अनुसार, सोनू को मेडिकल स्टोर से लौटते समय राकसेड़ा–बुढ़नपुर रोड पर 10 से 12 युवकों ने अपने साथ बैठाकर शराब पार्टी की। इसी दौरान आपसी कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि इसी झगड़े में सोनू की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यमुना नदी में गड्ढा खोदकर दबाया शव हत्या के बाद आरोपियों ने शव को बाइक पर रखकर बेगा गांव के पास यमुना नदी के किनारे ले जाकर गड्ढा खोदकर दबा दिया। शुक्रवार सुबह पुलिस टीम ड्यूटी मजिस्ट्रेट, एफएसएल टीम और वीडियोग्राफी के साथ मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला गया। पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव शव बरामद होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए खानपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों और समय की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी। मृतक का आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने पुलिस जांच में सामने आया है कि सोनू शर्मा के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज थे। वर्ष 2021 में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पानीपत में गन्नौर निवासी सीजेएम के गनमैन पर चाकू से हमला किया था। पुलिस इस पृष्ठभूमि को भी जांच में शामिल कर रही है। एसीपी ऋषिकांत बोले- एक को हिरासत में लिया एसीपी ऋषिकांत ने बताया कि मामले में फिलहाल एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पूछताछ के दौरान हत्या और शव को यमुना नदी में दबाने की जानकारी मिली है। अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। मामले की गहनता से जांच जारी है और जल्द ही सभी आरोपियों को कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।
सोनीपत में लापता युवक की हत्या कर शव दबाया:तीन दिन पहले दवाई लेने गया था; CCTV से मिला सुराग, कई केस दर्ज थे
