रोहतक में लोकसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल नाम बदलने में लगी हुई है, जबकि काम कुछ कर नहीं रही। भाजपा के राज में जनता कष्ट काट रही है और भाजपा के विधायक कॉलोनी काटने में लगे हुए है। रोहतक के पूर्व मंत्री तो तालाब में भी प्लॉट काट गए। दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा हमेशा द्वेष की राजनीति करती है। विपक्षी पार्टियों के नेताओं पर भाजपा की शह पर ED और CBI की रेड पड़ती है। बिहार में लालू यादव के पूरे परिवार पर कार्रवाई हो रही है और उधर बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के नेताओं पर ED की रेड करवाई जा रही है। भाजपा की कार्यशैली ही ऐसी है। मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाना साजिश
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि मनरेगा योजना से महात्मा गांधी का नाम हटाना भाजपा की असल साजिश है। बीजेपी को भगवान राम के नाम से कोई योजना लानी ही थी, तो कोई नई योजना लानी चाहिए थी और बजट बढ़ाना चाहिए था। हरियाणा पहले ही लाखों करोड़ रुपए के कर्ज में डूबा है। उसके पास काम न मिलने पर नियमानुसार बेरोजगारी भत्ता देने तक का पैसा नहीं है, अपनी योजनाओं, खेल स्टेडियम की मरम्मत के लिए पैसे मिल नहीं रहे। मनरेगा मजदूरों के अधिकार हड़पने का प्रयास
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि मनरेगा मजदूरों के अधिकारों को हड़पने का प्रयास किया जा रहा है। बीजेपी शुरू से ही मनरेगा योजना को लेकर असहज थी और इसे राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से देख रही थी। यूपीए सरकार की मनरेगा योजना को पूरे विश्व में सराहा गया। करोड़ों मजदूरों को इस योजना से रोजगार मिला, इसलिए बीजेपी को ये योजना सुहा नहीं रही थी। बीजेपी सरकार केवल नाम बदलने में विश्वास रखती है काम में नहीं। HPSC का बदला जाए चेयरमैन
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि एचपीएससी के चेयरमैन बाहर के लगे हुए हैं। क्या 3 करोड़ हरियाणा वासियों में एक भी कोई ऐसा नागरिक नहीं मिला जो एचपीएससी चेयरमैन लग सके। हरियाणा वासियों का एक साजिश के तहत हक भी मारा जा रहा है। राजस्थान, पंजाब आदि सभी प्रदेशों में वहां के डोमिसाइल को प्राथमिकता दी जाती है। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि HPSC चेयरमैन बयान दे रहे हैं कि यहां की यूनिवर्सिटी में बच्चों को ठीक से पढ़ाया ही नहीं गया। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी बयान दिया था कि हरियाणा के बच्चे कंधे के ऊपर कमजोर होते हैं। क्या बीजेपी सरकार का हरियाणा वासियों के प्रति यही आकलन है। हरियाणा के युवा डंकी रूट से कर रहे पलायन
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा के युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है, जिसके कारण हरियाणा के युवा डंकी के रास्ते बाहर जा रहे हैं और भाजपा बाहर के बच्चों की भर्ती का डंका बजा रही है। हरियाणा की हर नौकरी में बाहर के युवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।
रोहतक में सांसद हुड्डा का BJP पर तंज:बोले-जनता काट रही कष्ट, भाजपा MLA काट रहे कॉलोनी, नाम बदलने में विश्वास, काम में नहीं
