रेवाड़ी जिले में दिल्ली रेवाड़ी रोड पर मसानी गांव के पास कार की टक्कर से दंपती घायल हो गए। कार ड्राइवर महिला को 50 मीटर दूर तक घसीटकर ले गया। राहगीरों ने दूसरी कार को आगे लगाकर कार का रास्ता रोककर महिला को बचाया। घायल महिला और उसके पति को अस्पताल पहुंचाया। सूचना के बाद धारूहेड़ा थाना पुलिस ने मौके का मुआयना कर कार ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। रेवाड़ी से धारूहेड़ा जाते समय हादसा
जानकारी के अनुसार शुक्रवार बाद दोपहर दंपती बाइक पर सवार होकर धारूहेड़ा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान मसानी के पास कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद युवक वहीं पर गिर गया। महिला कार के बोनट पर गिर गई। कार ड्राइवर ने कार में अटकी बाइक और बोनट पर गिरी महिला को करीब 50 मीटर दूर तक घसीटता हुआ ले गया। राहगीरों ने दूसरी कार को कार के आगे खड़ा करके किसी प्रकार महिला को बचाया। प्रत्यक्षदर्शी बोले- बड़ी मुश्किल से रोका
गांव में रेहड़ी लगाने वाले प्रत्यक्षदर्शी धर्मराज ने बताया कि हादसे के बाद बाइक कार में उलझ गई और महिला बानेट पर जा गिरी। महिला का पति सड़क पर गिर गया। इसके बाद कार ड्राइवर बाइक और महिला को घसीटते हुए ले गया। यदि उसे दूसरी कार आगे खड़ी करके नहीं रोका जाता तो शायद बोनट पर गिरी महिला की जान नहीं बच पाती। अभी तक घायल दंपती की पहचान नहीं हो पाई है।
रेवाड़ी में कार ड्राइवर ने महिला को 50 मीटर घसीटा:दूसरी गाड़ी आगे लगाकर रोका, धारूहेड़ा की तरफ जा रहे थे बाइक सवार दंपती
