पंजाब में हरियाणा के गैंगस्टर कौशल की टांगें टूटी:लुधियाना में थाने से भागने की कोशिश की, दीवार से छलांग मारते ही हुईं फ्रैक्चर

Spread the love

पंजाब के लुधियाना में गुरुग्राम जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाए गए हरियाणा के कुख्यात गैंगस्टर कौशल चौधरी ने थाने से फरार होने की कोशिश की। मुल्लांपुर दाखा थाने में पुलिस को धक्का देकर वह दीवार फांदने लगा। लेकिन कूदते ही सड़क पर गिर पड़ा। इस दौरान उसकी दोनों टांगें फ्रैक्चर हो गईं। पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। शनिवार को कौशल चौधरी को पेशी के लिए स्ट्रेचर पर लुधियाना कोर्ट में लाया गया। इस दौरान उसके मुंह पर रुमाल बंधा हुआ था। कोर्ट ने उसे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। 10 जनवरी को बड्डोवाल मिलिट्री कैंप के सामने स्थित लग्जरी कार रॉयल लीमो के शोरूम पर बदमाशों ने फायरिंग की थी। इसी मामले में 5 दिन पहले कौशल चौधरी को गुरुग्राम जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया। लुधियाना कोर्ट से 5 दिन का पुलिस रिमांड मिलने के बाद उसे मुल्लांपुर थाने में रखा गया था। पेशाब का बहाना, फिर दीवार पर चढ़ा
पुलिस के मुताबिक, रात के समय गैंगस्टर ने पेशाब के लिए ले जाने की बात कही। इसी दौरान उसने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को धक्का दिया और थाने की दीवार पर चढ़कर भागने की कोशिश की। कूदते समय गिरा, दोनों टांगें टूटीं
दीवार से छलांग लगाते ही गैंगस्टर संतुलन नहीं बना पाया और सड़क पर गिर पड़ा। गिरने से उसकी दोनों टांगों में गंभीर फ्रैक्चर हो गया। पुलिस ने पीछा कर तुरंत उसे काबू में ले लिया। डीएसपी वरिंदर सिंह खोसा ने कहा कि मामले की जांच जारी है। कार शोरूम पर की गई फायरिंग का पूरा मामला जानिए… फिरौती के लिए मालिक को किया था फोन
इसके बाद शोरूम के एक मालिक को फिरौती के लिए कॉल आया। कॉलर ने खुद को पवन शौकीन बताया और उससे 2 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी। दाखा पुलिस ने बाद में कौशल चौधरी, पवन शौकीन और मोहब्बत रंधावा के खिलाफ मामला दर्ज किया। कौशल चौधरी के गैंगस्टर बनने की कहानी… सबमर्सिबल रिपेयरिंग का काम करता था चौधरी
क्राइम में आने से पहले कौशल चौधरी सबमर्सिबल रिपेयरिंग का काम करता था और रोजाना 500-600 रुपए कमाता था। कौशल के पिता प्रॉपर्टी डीलर का काम करते थे। परिवार के जमीन विवाद के बाद कौशल अपराध की दुनिया में आ गया। साल 2005 में कौशल के भाई की गैंगस्टर सुदेश उर्फ चेलू ने हत्या कर दी। गैंगस्टर सुदेश का मर्डर कराया, जेल गया
इसके बाद कौशल ने राजस्थान के बदमाश सूबे गुर्जर और अमित डागर के साथ मिलकर अपना गैंग बना लिया। इसके बाद उसके गुर्गों ने सुदेश का मर्डर कर दिया। सुदेश के मर्डर के बाद कौशल गिरफ्तार हो गया। जेल में उसकी मुलाकात दूसरे बदमाशों के साथ हुई। इसके बाद जेल से ही उसने सुदेश की पत्नी के मर्डर का प्लान बनाया। 2017 में दुबई भागा, 2019 में भारत लाया गया
साल 2009 में सुदेश की पत्नी की हत्या कराई। इसके बाद से गुरुग्राम में कौशल के खौफ का सिक्का चलने लगा। साल 2017 के आखिर में कौशल थाइलैंड के रास्ते दुबई भाग गया। उसके खिलाफ फरवरी 2019 में रेड कॉर्नर नोटिस जारी हुआ। साल 2019 में उसे दुबई से भारत लाया गया। पुलिस के अनुसार कौशल ने अपना वर्चस्व बढ़ाने के लिए नीरज बवाना से हाथ मिला लिया था। लॉरेंस से दुश्मनी, दे चुका मर्डर की धमकी
कौशल चौधरी को गैंगस्टर लॉरेंस का कट्टर दुश्मन माना जाता है। कौशल ने लॉरेंस के करीबी विक्की मिड्‌डूखेड़ा की हत्या के लिए बंबीहा गैंग को हथियार मुहैया करवाए थे। इस हत्या का बदला लेने के लिए लॉरेंस ने मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या करवाई। इसके बाद कौशल चौधरी ने खुलेआम धमकी दी कि वह लॉरेंस को भी मार डालेगा। इससे पहले भी कौशल चौधरी ने लॉरेंस के एक करीबी बिजनेसमैन के घर इंग्लैंड में फायरिंग करवाई थी और घर के बाहर खड़ी गाड़ियों में आग लगा दी थी। गुरुग्राम से शुरू हुई दुश्मनी
पुलिस सूत्रों के अनुसार कौशल चौधरी पहले गुरुग्राम में शराब ठेकेदारों और कुछ उद्यमियों से वसूली करता था। कुछ ठेकेदार लॉरेंस के पास पहुंच गए। जिसके बाद लॉरेंस ने कौशल के कई शूटरों को ठिकाने लगा दिया और शराब के ठेकों में अपनी हिस्सेदारी डाल ली। जिससे कौशल की मंथली बंद हो गई और शूटर भी नहीं रहे। पंजाब में कई मर्डर करा चुका
बंबीहा सिंडिकेट में शामिल होने के बाद ही कौशल चौधरी ने अपने गुर्गों के जरिए पंजाब के मोहाली में यूथ अकाली नेता विक्की मिड्‌डूखेड़ा, जालंधर में इंटरनेशनल कबड्‌डी खिलाड़ी संदीप नांगल अंबिया सहित कई मर्डर करा चुका है। इसके अलावा बठिंडा, अबोहर, मुक्तसर में भी उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। कौशल चौधरी के ठिकानों पर NIA ने भी छापेमारी की थी।