पानीपत में एक कंपनी में एक कर्मचारी द्वारा मजाक-मजाक में अपने साथी के शरीर के पिछले हिस्से में हाई-प्रेशर एयर पाइप (हवा का पाइप) लगा देने से उसकी आंत फट गई। पीड़ित युवक फिलहाल करनाल के कल्पना चावला अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है। वहीं, मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर निवासी पीड़ित सोनू ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह कंपनी में बोरे उठाने का काम करता है। 22 जनवरी की रात को उसकी ड्यूटी थी। 23 जनवरी की सुबह करीब 8 बजे जब उसकी शिफ्ट खत्म हुई, तो वह बलूरूम में खड़ा होकर प्रेशर पाइप से अपने कपड़े साफ कर रहा था। उसके साथ उसका साथी कर्मचारी अमन भी वहीं मौजूद था। मजाक में भरी हवा, गंभीर चोट आई सोनू ने बताया कि अपने कपड़े साफ करने के बाद उसने पाइप अमन को दे दिया। अमन ने अपने कपड़े साफ करने के बाद लापरवाही और मजाक के चलते प्रेशर पाइप सोनू के पिछले हिस्से की तरफ लगा दिया। पाइप का प्रेशर इतना अधिक था कि हवा सोनू के शरीर के अंदर प्रवेश कर गई। दर्द से तड़पता रहा युवक, आंत का हुआ ऑपरेशन हादसे के तुरंत बाद सोनू को पेशाब करने में दिक्कत हुई और वह गोदाम में जाकर लेट गया। धीरे-धीरे उसके पेट में असहनीय दर्द शुरू हो गया। कंपनी के स्टाफ ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि हवा के दबाव के कारण सोनू के पेट की आंत फट गई है, जिसके बाद उसका इमरजेंसी ऑपरेशन किया गया। पुलिस की कार्रवाई मामले की सूचना मिलते ही ASI नरेंद्र अपनी टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। पहले डॉक्टरों ने सोनू को बयान देने के लिए ‘अनफिट’ बताया था, लेकिन 26 जनवरी को हालत में सुधार होने पर उसका बयान दर्ज किया गया। विशेषज्ञों की चेतावनी: एयर प्रेशर गन ‘खिलौना’ नहीं है औद्योगिक इकाइयों में इस्तेमाल होने वाले एयर प्रेशर पाइप का दबाव बहुत अधिक होता है। शरीर के किसी भी हिस्से के पास इसे ले जाना बेहद खतरनाक हो सकता है। यह न केवल अंदरूनी अंगों (जैसे फेफड़े या आंत) को फाड़ सकता है, बल्कि इससे मौत भी हो सकती है।
पानीपत में युवक से मजाक पड़ा भारी:साथी ने पीछे से लगाया एयर प्रेशर पाइप, आंत फटी, हालत गंभीर, यूपी का रहने वाला
