पानीपत में ट्रांसपोर्टर के सिर-पेट में गोलियां मारीं:बाइक पर आए 3 बदमाशों ने फायरिंग की, ऑफिस के पास ही खड़े थे

Spread the love

हरियाणा के पानीपत में बाइक सवार 3 बदमाशों ने एक ट्रांसपोर्टर को गोली मार दी। हमले में ट्रांसपोर्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने तुरंत घायल ट्रांसपोर्टर को अस्पताल पहुंचाया। ट्रांसपोर्टर के सिर में एक और पेट में 2 गोलियां लगी हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं है कि ट्रांसपोर्टर पर हमला क्यों और किसने किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ट्रांसपोर्ट ऑफिस के पास ही थे
घायल की पहचान एल्डिगो सिटी निवासी TNR ट्रांसपोर्ट के मालिक सी सुब्रमण्यम (40) के रूप में हुई है। उनका महराणा गांव में ट्रांसपोर्ट का ऑफिस है। शनिवार को वह ऑफिस में ही मौजूद थे। उसी दौरान नायरा पेट्रोल पंप के नजदीक एक बाइक पर सवार होकर आए 3 युवकों ने उन्हें निशाना बनाया। बदमाशों ने उन पर सीधी फायरिंग की, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े। राहगीर ने डायल 112 पर सूचना दी
मौके से गुजर रहे एक व्यक्ति ने सुब्रमण्यम को घायल हालत में पड़ा देखा। उसने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर सूचना दी। फायरिंग की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घायल ट्रांसपोर्टर को तुरंत सिवाह स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। उनके सिर और पेट में गोलियां लगीं। उनकी हालत नाजुक है। शहर में नाकाबंदी के आदेश
घटना की गंभीरता को देखते हुए पानीपत के SP भूपेंद्र सिंह ने पूरे जिले में सख्त नाकाबंदी के निर्देश जारी किए। पुलिस कंट्रोल रूम से सभी थानों और पीसीआर को अलर्ट कर दिया गया। बदमाशों को पकड़ने के लिए CIA की तीनों यूनिटों, थाना पुलिस और साइबर सेल को काम पर लगा दिया गया है। बदमाशों का सुराग जुटाने में लगी पुलिस
पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है। हालांकि, बाइक का नंबर अभी स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों और साइबर इनपुट के आधार पर संदिग्धों का पीछा कर रही है। शुरुआती तौर पर इसे आपसी रंजिश या रंगदारी से जुड़ा मामला मानकर भी जांच कर रही है।