पानीपत जिले के थाना बापौली क्षेत्र के एक गांव में एक युवक ने दिनदहाड़े घर में घुसकर महिला के साथ दुष्कर्म किया। महिला ने शोर मचाया तो ग्रामीणों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया था। लेकिन हैरानी की बात यह रही कि आरोपी के परिजन उसे कानून के हवाले करने के बजाय भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर ले गए। पुलिस ने अब इस मामले में संगीन धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। जांच जारी है। क्या है पूरी घटना? महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 2 फरवरी की सुबह करीब 9 बजे वह अपने घर में अकेली झाड़ू लगा रही थी। परिवार के अन्य सभी सदस्य काम पर गए हुए थे। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला सागर अचानक उसके घर में घुस आया।
दरवाजा बंद कर अंदर खींचा आरोप है कि सागर ने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया और महिला को जबरन खींचकर अंदर ले गया। वहां उसने महिला की मर्जी के खिलाफ उसके साथ रेप किया। जब पीड़िता ने शोर मचाया, तो आवाज सुनकर पड़ोसी इकट्ठा हो गए और उन्होंने दरवाजा खुलवाया। आरोपी के परिजनों ने भीड़ से छुड़ाया मौके पर मौजूद पड़ोसियों ने पीड़िता और आरोपी सागर को पकड़ लिया। आरोप है कि इसी बीच सागर की मां और चाची वहां पहुंचीं और उसे भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर ले गईं। भागते समय आरोपी ने पीड़िता को धमकी दी कि यदि उसने कहीं शिकायत की, तो वह उसे और उसके परिवार को जान से मार देगा। पुलिस की कार्रवाई थाना बापौली पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी सागर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1) (दुष्कर्म), 333 (घर में घुसना) और 351(3) (जान से मारने की धमकी) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पानीपत में महिला से घर में घुसकर दुष्कर्म:शोर सुनकर आए पड़ोसियों ने पकड़ा युवक; जबरन छुड़ा ले गई परिजनों की भीड़
