पानीपत में मनचले ने युवती को बेरहमी से पीटा:छेड़छाड़ का केस वापस लेने का बनाया दबाव; परिवार को मारने की धमकी

Spread the love

पानीपत शहर के मॉडल टाउन इलाके में छेड़छाड़ के पुराने मुकदमे में समझौता करने और केस वापस लेने का दबाव बनाते हुए एक युवक ने युवती के साथ मारपीट की। आरोपी ने युवती को एक सुनसान गली में ले जाकर न केवल उसे पीटा, बल्कि केस वापस न लेने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शॉपिंग करने गई थी युवती पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, ऋषि कॉलोनी की रहने वाली एक युवती 20 मार्च की शाम करीब 5 बजे रामलाल चौक पर शॉपिंग करने आई थी। इसी दौरान उसे हनुमान कॉलोनी का विशाल मिला। शिकायत में बताया कि आरोपी विशाल के खिलाफ पीड़िता ने पहले ही थाना चांदनी बाग में छेड़छाड़ और पीछा करने की धाराओं के तहत FIR दर्ज करवा रखी है। एकान्त में ले जाकर की मारपीट आरोपी विशाल ने युवती को रास्ते में रोक लिया और पुराने मुकदमे के बारे में बात करने का बहाना बनाया। उसने कहा कि सड़क पर भीड़भाड़ है, इसलिए वे किसी शांत जगह चलकर बात करते हैं। युवती उसकी बातों में आ गई और वह उसे अपनी बाइक पर बैठाकर मॉडल टाउन स्थित बाल विकास स्कूल के पास एक सुनसान गली में ले गया। गली में पहुंचते ही आरोपी का लहजा बदल गया और उसने युवती पर दबाव बनाना शुरू कर दिया कि वह उसके खिलाफ दर्ज छेड़छाड़ का मुकदमा तुरंत वापस ले ले। जब युवती ने कानूनी कार्रवाई से पीछे हटने और मुकदमा उठाने से साफ मना कर दिया, तो आरोपी आपा खो बैठा। उसने युवती के साथ मारपीट शुरू कर दी, जिससे उसकी बाईं आंख और माथे पर गंभीर चोटें आईं। परिवार को खत्म करने की धमकी मारपीट के दौरान जब युवती ने शोर मचाया, तो आरोपी घबरा गया। भागने से पहले उसने पीड़िता को खौफनाक चेतावनी दी। उसने कहा, अगर तूने यह मुकदमा वापस नहीं लिया, तो तुझे और तेरे पूरे परिवार को जान से मार डालूंगा इसके बाद वह अपनी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने किसी तरह घर पहुंचकर अपने परिजनों को आपबीती सुनाई। पिता के घर देर से लौटने के कारण युवती का मेडिकल अगले दिन 21 मार्च को करवाया गया। पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग पीड़िता ने थाना मॉडल टाउन में लिखित शिकायत देकर आरोपी विशाल के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में बताया गया है कि इस घटना के बाद से युवती और उसका परिवार गहरे खौफ में है और उन्हें अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है। पुलिस ने पीड़िता के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर जांच तेज कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।