पानीपत में एक 19 वर्षीय युवती का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। युवती अपनी दादी और भाई के साथ UP से लौट रही थी। नए बस स्टैंड (सिवाह पुल) के पास से उसको गाड़ी में सवार युवक जबरन उठा कर ले गए। पुलिस ने इस मामले में दो नामजद आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-29 में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भाई ने पुलिस से बहन को आरोपियों के कब्जे से मुक्त कराने की गुहार लगाई है। जानकारी अनुसार, महेंद्रगढ़ जिले के गांव बलाना निवासी अजय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार, 21 दिसंबर को वह अपनी दादी और बहन के साथ उत्तर प्रदेश के डिंडुखेड़ा से लौट रहे थे। शाम करीब 4:30 बजे जब वे पानीपत के नए बस स्टैंड स्थित सिवाह पुल के नीचे पहुंचे, तो वहां पहले से मौजूद कुछ युवकों ने वारदात को अंजाम दिया। अजय के अनुसार, एक काले रंग की ब्रेजा कार (HR 60P 0548) उनके पास आकर रुकी। कार में सवार अंकित उर्फ माइकल और मनोज उर्फ मन्नू, जो दोनों पानीपत के गांव चुलकाना के निवासी हैं, ने जबरन उसकी बहन को कार में खींच लिया। परिजनों के विरोध के बावजूद आरोपी युवती को लेकर मौके से फरार हो गए। अजय ने डायल 112 पर कॉल करके बहन के अपहरण की सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-29 पुलिस ने मौके का मुआयना किया। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने लड़की के भाई की शिकायत पर बीएनएस (BNS) की धारा 140(3) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी एएसआई ऋषिप्रकाश ने बताया कि पुलिस टीम ने शिकायतकर्ता के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया है। आरोपियों को पकड़ने और युवती को सुरक्षित बरामद करने के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस कार के नंबर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पानीपत में महेंद्रगढ़ की युवती का दिनदहाड़े अपहरण:भाई-दादी के साथ UP से लौट रही थी; बस स्टैंड के बाहर कार में डाल ले गए
