पलवल में युवक ने किया दोस्त की पत्नी से दुष्कर्म:घर में घुस कर पिस्तौल दिखाकर डराया; पहले दर्ज हैं चोरी-छेड़छाड़ के केस

Spread the love

हरियाणा के पलवल जिले के गदपुरी थाना क्षेत्र के एक गांव से शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपने ही दोस्त की पत्नी को घर में अकेला पाकर पिस्तौल के बल पर दुष्कर्म किया। गदपुरी थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, एससी-एसटी एक्ट और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गदपुरी थाना प्रभारी एसआई कुलदीप के अनुसार, थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहिता महिला ने दी शिकायत में बताया कि वह अनुसूचित जाति से संबंध रखती है। छह फरवरी की दोपहर वह घर पर अकेली थी। उसी दौरान उसके पति का दोस्त सागर नामक युवक घर आया। पति को घर पर न पाकर आरोपी ने मौके का फायदा उठाया और पिस्तौल तान दी। पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी ने धमकी दी कि यदि इस बारे में किसी को बताया तो गंभीर अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहना। सास के पूछने पर खुला राज, थाने पहुंची पीड़िता घटना के बाद पीड़िता गहरे सदमे में चली गई थी। उसके व्यवहार में आए बदलाव को देखकर सास ने जब पूछताछ की तो पीड़िता ने रोते हुए पूरी आपबीती सुनाई। सास के समझाने-बुझाने के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और गदपुरी थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दी। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड, पुलिस ने शुरू की तलाश शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी सागर का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है, जिसमें चोरी और छेड़छाड़ जैसे मामले दर्ज हैं। पुलिस ने विवाहिता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गदपुरी थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।