हरियाणा के नूंह जिले के इंडरी गांव में प्लॉट के रास्ते को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई। इस दौरान लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी और लोहे की रॉड का इस्तेमाल किया गया, जिसमें 18 से ज्यादा लोग घायल हो गए। इनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल लोगों को इलाज के लिए पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ में चल रहा है। लंबे समय से चल रहा था विवाद जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच प्लॉट के रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार को यह विवाद अचानक बढ़ गया और मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। एक पक्ष के अशोक कुमार ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष ने पंचायत की जमीन पर कब्जा कर रास्ता बंद कर दिया है। उन्होंने बताया कि उनके मकान की छत का काम चल रहा था और वे तालाब से पानी लेकर आ रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने उन्हें घेरकर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। प्लॉट के लिए पहले से अलग रास्ता वहीं, दूसरे पक्ष के धर्मचंद पुत्र लेखराम का कहना है कि अशोक कुमार के प्लॉट के लिए पहले से ही एक अलग रास्ता मौजूद है। इसके बावजूद वे प्रजापत चौपाल के पास पंचायत की जमीन पर जबरन रास्ता बनाने के लिए कीकर के पेड़ काट रहे थे। जब उन्हें रोकने की कोशिश की गई, तो उन्होंने हमला कर दिया। गांव में तनाव का माहौल फिलहाल मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
नूंह में जमकर चले लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी:रास्ते को लेकर विवाद; 18 से ज्यादा लोग घायल; पीजीआई रोहतक रेफर
