नूंह जिले में एक विवाहिता से छेड़छाड़, मारपीट और सोशल मीडिया पर ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर नूंह महिला थाना पुलिस ने आरोपी पति, ससुर, जेठानी सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी ससुर पिनगवां के राजकीय कन्या उच्च विद्यालय में प्रिंसिपल के पद पर कार्यरत बताया जा रहा है। राजस्थान के डीग जिले के बास बुर्जा निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी की शादी 20 फरवरी 2022 को पिनगवां निवासी गौरव से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुर गिरीराज की उसकी बेटी पर गलत नजर थी और वह अक्सर अशोभनीय इशारे करता था। लोकलाज के कारण पीड़िता ने इस बारे में किसी को नहीं बताया। शिकायत के अनुसार, 24 जून 2025 को जब विवाहता का पति घर से बाहर था, तब ससुर गिरीराज रात में उसके कमरे में घुस गया और गलत नीयत से जबरदस्ती करने की कोशिश की। पीड़िता के शोर मचाने पर घर के अन्य सदस्य मनोज, ललिता और सागर मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पीड़िता का साथ देने के बजाय उसके साथ मारपीट की। बेटी ने फोन कर दी अपने पिता को जानकारी महिला ने फोन पर अपने पिता को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसके पिता अपने रिश्तेदारों के साथ पिनगवां पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इसके बाद वे अपनी बेटी को अपने साथ घर ले गए। शिकायत में यह भी बताया गया है कि आरोपी सागर ने पीड़िता की स्नैपचैट आईडी का पासवर्ड हासिल कर लिया। उसने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालकर महिला को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और संबंध बनाने का दबाव बनाया। मना करने पर उसे बदनाम करने की धमकी दी गई। पुलिस ने पति गौरव, ससुर गिरीराज, मनोज, सरपंच ललिता और सागर के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जांच एएसआई आशा को सौंपी गई है। उल्लेखनीय है कि गिर्राज, मनोज और सरपंच ललिता के खिलाफ इसी साल जनवरी में मनरेगा घोटाले को लेकर भी मुकदमा दर्ज हो रखा है।
नूंह में ससुर ने की बहू से छेड़छाड़:देवर का रहा ब्लैकमेल, प्रिंसिपल ससुर और सरपंच सहित 5 पर मामला दर्ज
