नूंह में पत्नी को जिंदा जलाने की कोशिश:पति ने मारपीट कर खौलता पानी उड़ेला; बच्चों ने मचाया शोर

Spread the love

नूंह शहर की एक कॉलोनी में पति द्वारा अपनी पत्नी को जिंदा जलाने की कोशिश की गई। गंभीर रूप से झुलसी महिला को नूंह के शहीद हसन खां मेवाती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पीड़िता के परिजनों के अनुसार महिला की शादी रेहना गांव में हुई थी, उसके पांच बच्चे हैं। आरोप है कि महिला का पति आए दिन उसके साथ मारपीट करता था और घरेलू हिंसा का शिकार बनाता था। परिवार का कहना है कि कई बार समझाने के बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। घटना शनिवार सोमवार की बताई जा रही है। पशुओं का खोलता हुआ आहार डाला घटना वाले दिन महिला का पति अपने घर आया। घर पहुंचते ही उसने पहले महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद गुस्से और हैवानियत में आकर उसने चूल्हे/हीटर पर बन रहे पशुओं के आहार को महिला के ऊपर उड़ेल दिया। उबलता हुआ आहार गिरते ही महिला की चीख-पुकार मच गई और उसका शरीर बुरी तरह जल गया। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। घर में मौजूद बच्चों ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर अपने मामा को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही महिला के मायके पक्ष के लोग तुरंत नूंह पहुंचे और झुलसी महिला को गंभीर हालत में शहीद हसन खां मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। महिला का शरीर बुरी तरह झुलसा अस्पताल सूत्रों के मुताबिक महिला का शरीर काफी हद तक झुलस चुका है और डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। महिला के बयान लेने की कोशिश की जा रही है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी सक्रिय हो गई है। पुलिस ने पीड़िता के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। घटना से एक बार फिर घरेलू हिंसा और महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि ऐसे दरिंदों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी महिला इस तरह की हैवानियत का शिकार न बने।