नूंह में लाठी-डंडों से पीटकर युवक की हत्या:चार घायल, चारा कूटने को लेकर हुआ विवाद, 8 के खिलाफ केस दर्ज

Spread the love

नूंह जिले के बाई गांव में चारा काटने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की मौत हो गई। लाठी-डंडों से हुए हमले में गंभीर रूप से घायल 27 वर्षीय अरशद ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अरशद अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चे छोड़ गया है। बता दे कि यह घटना 24 फरवरी को हुई थी, जब अरशद अपने घर के पास परिवार के साथ चारा कूटवा रहा था। इसी दौरान पड़ोसी लियाकत के बच्चों ने वहां चारा कूटने का विरोध किया, जिससे दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि लियाकत के बेटों कय्यूम, दीनदार, जाहुल हक और अन्य लोगों ने लाठी-डंडों से अरशद व उसके परिजनों पर हमला कर दिया। इस हमले में अरशद सहित पांच लोग घायल हुए थे।
चार युवक मारपीट में घायल घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अरशद की गंभीर हालत को देखते हुए उसे नल्हड़ अस्पताल से पंडित भगवत दयाल शर्मा पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, रोहतक रेफर किया गया था। वहां तीन दिन तक इलाज चलने के बाद उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जिसके मद्देनजर एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। डीएसपी पृथ्वी सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। जांच अधिकारी नरबीर ने बताया कि इस मामले में आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है। परिजनों ने जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।