नूंह में ट्रक ने युवक को कुचला, मौत:गाड़ी को पार्किंग में लगाया, घर जाने के लिए कर रहा था वाहन का इंतजार

Spread the love

हरियाणा के नूंह जिले के तावडू क्षेत्र में शनिवार देर रात एक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। व्यक्ति को सोहना टी पॉइंट के पास एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। मृतक की पहचान पलवल जिले के खाईका गांव निवासी देवेंद्र (33) पुत्र देवीराम के रूप में हुई है। वह पेशे से ट्रक ड्राइवर था। जानकारी के अनुसार, देवेंद्र अपना ट्रक भिवाड़ी की पार्किंग में खड़ा करने के बाद तावडू के सोहना टी-पॉइंट पर वाहन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर फरार टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का टायर देवेंद्र के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर वाहन सहित मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की जांच कर रहे एसआई राहुल खान ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।