नारनौल में मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि पूर्व मंत्री अभय सिंह ने अपनी मन की भावना व्यक्त की है। राव नरबीर ने कहा, “कोई दो दिन पहले करता है, कोई दो दिन बाद। आदमी अपने मन की भावना प्रकट करता है।” यह बयान उन्होंने नगर परिषद की पूर्व चेयरपर्सन भारती सैनी के निवास पर पत्रकारों से बात करते हुए दिया। इससे दो-तीन दिन पहले पूर्व मंत्री डॉ. अभय सिंह ने मंच से राव इंद्रजीत सिंह का नाम लिए बिना इशारों में उन्हें “सभी लोगों को खाने वाला बब्बर शेर” कहा था। वहीं राव नरबीर भी राव इंद्रजीत के खिलाफ कई बार खुले मंचों पर भाषण दे चुके हैं। अपनी बात कहने का सबसे को अधिकार उन्होंने राव इंद्रजीत सिंह के बारे में पूछे जाने पर कहा कि हम दोनों एक ही पार्टी में हैं, लेकिन विचारधारा में थोड़ा-थोड़ा अंतर हो जाता है। समय अनुसार अपनी अपनी बात कहने का प्रजातांत्रिक प्रणाली में अधिकार है। हम भी कहते हैं, और भी कोई कहना चाहे तो कह सकता है। आईएमटी महेंद्रगढ़ के बारे में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी महेंद्रगढ़ में बनने वाली आईएमटी के लिए जमीन को लेकर विवाद है, अभी वहां जमीन नहीं मिली है। जिस दिन जमीन पूरी मिल जाएगी, उसी दिन हम महेंद्रगढ़ में आईएमटी बनाने की घोषणा कर देंगे। इस बारे में उनकी विधायक कंवर सिंह से भी बात हो चुकी है। कोसली में बनेगी आईएमटी उन्होंने कहा कि प्रदेश में बनने वाली दस आईएमटी में से एक आईएमटी कोसली में बनेगी। इसके लिए जमीन लेने की प्रक्रिया जारी है। इससे रेवाड़ी जिला के लोगों के साथ-साथ दक्षिणी हरियाणा के लोगों को लाभ होगा। कांग्रेस फैला रही भ्रांतियां उन्होंने कहा कि जी राम जी योजना पर कांग्रेस पार्टी भ्रांतियां फैला रही है। जबकि इसमें ऐसा कुछ नहीं है। इस योजना को पूर्व की मनरेगा योजना में बदलाव करते हुए केंद्र सरकार ने लॉन्च किया है। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण रोजगार और आजीविका के अवसरों को बढ़ाना है, जिसमें 125 दिन का रोजगार गारंटी और समय पर भुगतान जैसे सुधार शामिल हैं, ताकि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके। पूर्व विधायक सीताराम दिखे साथ इस मौके पर अटेली के पूर्व विधायक सीताराम यादव भी नजर आए। सीताराम यादव अब एंटी राव इंद्रजीत सिंह खेमे के साथ लगातार दिखाई देने लग गए हैं। बता दें कि सीताराम यादव अटेली से पूर्व विधायक हैं। अटेली में इस बार उनकी टिकट काटकर आरती राव को दी गई थी। चुनाव के समय तो वे आरती के साथ नजर आए, मगर अब कुछ दिनों से वे एंटी राव गुट के साथ नजर आ रहे हैं। ये कार्यकर्ता रहे मौजूद इस मौके पर नगर परिषद के उपप्रधान संजय यादव, भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री अमित मिश्रा, विजय सांगवान, संजय सैनी, अजय सिगड़ा, पार्षद सिकंदर सैनी, मोहन भारद्वाज, पार्षद विशाल सैनी, पूर्व पार्षद रोहताश सैनी व पूर्व पार्षद मीना सोनी समेत अनेक लोग मौजूद रहे।
नारनौल में राव नरबीर बोले-अभय ने मन की बात कही:कोई पहले तो कोई बाद में करता; पूर्व मंत्री ने इंद्रजीत को कहा था-बब्बर शेर
