हरियाणा में नारनौल के नसीबपुर निवासी भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट राकेश शर्मा ने हथियारबंद लोगों द्वारा गाड़ी का पीछा करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने सिटी थाना में शिकायत दी है। जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में राकेश शर्मा ने बताया कि 3 मार्च रात करीब 1:30 बजे वह अपनी छोटी बहन के घर, जो रेवाड़ी रोड पेट्रोल पंप के सामने स्थित है। जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान एक काले रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो उनका पीछा करने लगी। उन्होंने बताया कि उक्त गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट और हूटर लगा हुआ था। बार-बार किया पीछा राकेश शर्मा के अनुसार स्कॉर्पियो में सवार लोग उनकी गाड़ी के आगे-पीछे बार-बार आकर पीछा करते रहे और उनके घर के गेट तक पहुंच गए। दूर से देखने पर उनके हाथों में हथियार भी नजर आए। गाड़ी के शीशों पर काली फिल्म लगी हुई थी, लेकिन ड्राइवर साइड से देखने पर अंदर बैठे लोग संदिग्ध प्रतीत हो रहे थे। डायल 112 पर किया फोन उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और उन्होंने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दे दी। बाद में रात करीब 2:30 बजे सिटी थाना से फोन कर उन्हें शिकायत दर्ज कराने के लिए कहा गया, लेकिन उस समय निजी कार्यों में व्यस्त होने के कारण वह शिकायत दर्ज नहीं करा सके। दूसरे दिन आई घर के सामने राकेश शर्मा ने बताया कि वह अगले दिन चंडीगढ़ गए हुए थे। इस दौरान उनकी पत्नी मौसम शर्मा ने उन्हें बताया कि काली रंग की वही गाड़ी फिर से उनके घर के पास आई थी। घटना के समय उनके साथ उनकी पत्नी मौसम शर्मा और बेटा नरदेव शर्मा भी मौजूद थे। एसपी को भी किया फोन उन्होंने कहा कि घटना को 3 दिन बीत जाने के बाद भी संदिग्ध गाड़ी पुलिस के हाथ नहीं लगी है। उन्होंने पुलिस से जल्द कार्रवाई करने और अपने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। राकेश शर्मा ने बताया कि वह एक सामाजिक कार्यकर्ता हैं और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट होने के साथ-साथ पहले जिला अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उन्होंने इस मामले की जानकारी फोन के माध्यम से एसपी पूजा वशिष्ठ को भी दे दी है। पुलिस ने किया मामला दर्ज वहीं सिटी थाना पुलिस के अनुसार राकेश शर्मा की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
नारनौल में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष की रैकी:काली स्कॉर्पियो सवार लोगों पर पीछा करने के आरोप, बोले-हथियार लिए थे, केस दर्ज
