नारनौल में बैंककर्मी बता बुजुर्ग से ठगे 1 लाख रुपए:पंजाब नेशनल बैंक में हुई वारदात, नोट बदलवाने के बहाने आरोपी ने दिया झांसा

Spread the love

महेंद्रगढ़ जिले के अटेली कस्बे में स्थित पंजाब नेशनल बैंक में एक व्यक्ति को बैंक कर्मचारी बनकर आए ठग ने एक लाख रुपए की ठगी का शिकार बना लिया। पीड़ित ने इस संबंध में थाना अटेली में शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव तिगरा निवासी शिशराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने घर के खर्च के लिए पैसे निकालने अटेली स्थित पंजाब नेशनल बैंक गया था। उसने अपने खाते से 1 लाख 50 हजार रुपए निकाले। उसी दौरान बैंक के अंदर मौजूद एक व्यक्ति ने खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए उससे कहा कि वह अपने पैसे गिन ले। दो गडि्डयां ले उड़ा शिकायत के अनुसार शिशराम जब 500-500 रुपए की तीन गड्डियों में से एक गड्डी गिन रहा था, तो उसमें एक नोट फटा हुआ मिला। इस पर उस व्यक्ति ने कहा कि वह बाकी गड्डियां बदलवा देता है और शिशराम को एक गड्डी गिनने के लिए दे दी। इस दौरान शिशराम काउंटर के पास बैठकर पैसे गिनने लगा। इसी बीच वह अज्ञात व्यक्ति 50-50 हजार रुपए की दो गड्डियां यानी कुल एक लाख रुपए लेकर बैंक से फरार हो गया। अटेली थाने में दी शिकायत कुछ देर बाद जब शिशराम को ठगी का एहसास हुआ तो उसने बैंक में पूछताछ की, लेकिन तब तक आरोपी मौके से गायब हो चुका था। इसके बाद पीड़ित ने थाना अटेली पहुंचकर लिखित शिकायत दी। सीसीटीवी कर रहे चेक पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उप निरीक्षक प्रदीप को सौंपी गई है। पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।