हरियाणा के नारनौल में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक कार में सवार एडवोकेट और एक कपड़ा व्यापारी समेत 3 लोग जिंदा जल गए। कार को एक ट्रक ने टक्कर मारी थी। यह हादसा नेशनल हाईवे नंबर 152-डी पर टोल प्लाजा से कुछ पर हुआ। ट्रक की टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में तुरंत आग लग गई। आग भड़कने से कार सवारों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। साथ ही ट्रक में भी आग लग गई। हालांकि, ट्रक का ड्राइवर भागने में कामयाब रहा। मृतकों की पहचान नारनौल शहर के पास लगते गांव नीरपुर के रहने वाले एडवोकेट राजकुमार यदुवंशी, कपड़ा व्यापारी रविदत्त उर्फ दारा सिंह और टैक्सी ड्राइवर प्रवीण उर्फ पौमी के रूप में हुई है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। लोगों ने दी हादसे की सूचना… राजकुमार रह चुके पूर्व जिला पार्षद
इस हादसे में मारे गए राजकुमार यदुवंशी एडवोकेट थे। वह जिला पार्षद भी रह चुके है। वहीं, रविदत्त कपड़ा व्यापारी थे। इनका नारनौल में सुभाष पार्क के सामने कपड़े का एक बड़ा शोरूम है। जबकि, प्रवीण पेशे से टैक्सी चालक थे। ये तीनों दोस्त थे और गांव नीरपुर के ही रहने वाले थे। दो शादीशुदा थे, एक अविवाहित
बताया जा रहा है कि राजकुमार यदुवंशी और रविदत्त उर्फ दारा सिंह की शादी हो चुकी थी। राजकुमार के एक बेटा और रविदत्त के 2 बेटे हैं। रविदत्त के एक बेटे की शादी भी हो चुकी है। वहीं, टैक्सी ड्राइवर प्रवीण उर्फ पौमी अभी अविवाहित थे। पुलिस कर रही जांच
जांच अधिकारी अमरदीप सिंह ने बताया कि पुलिस की अब तक की जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए कार को टक्कर मारी। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
नारनौल में कार सवार 3 दोस्त जिंदा जले:तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मारी, घायल अवस्था में नहीं निकल पाए; एक वकील, दूसरा कपड़ा व्यापारी था
