हरियाणा के नारनौल में मंगलवार देर शाम को एक पार्क के पास फायरिंग के बाद हड़कंप मच गया। यह फायरिंग थार सवार युवकों ने की। उन्होंने पार्क के पास खड़े युवकों को निशाना बनाया था। इसके बाद हमलावर वहां से भाग गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर आकर जांच शुरू की। पार्क के पास से गोलियों के 3 खोल बरामद किए गए हैं। अब लोगों से हमलावरों के बारे में पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि इस घटना में किसी को गोली नहीं लगी। पुलिस इसे दो गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई मान रही है, क्योंकि जिन युवकों पर गोलियां चलाई गईं, वे लंगड़ी गैंग के बताए जा रहे हैं। उन्होंने पेड़ों के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई। लोगों ने बताई वारदात… दो गैंग का मामला बता रहे लोग
लोगों ने बताया है कि यह पूरा मामला 2 गैंग से जुड़ा है। शहर में 2 गैंग एक्टिव हैं। एक लंगड़ी और दूसरा शिव दयाल गैंग। इनके ज्यादातर सदस्य मिश्रवाडा मोहल्ले में रहते हैं। दोनों गैंग शहर में नशा बेचने में अपना वर्चस्व कायम करना चाहते हैं। इसलिए, दोनों के बीच आए दिन फायरिंग की वारदातों को अंजाम दिया जाता है। कुछ दिन पहले लंगड़ी गैंग के लोगों ने शिव दयाल गैंग के एक युवक के साथ मारपीट कर उसको घायल कर दिया था। गैंग के सभी सदस्यों के पर कई केस दर्ज हैं। लोगों ने बताया कि उस दिन मारपीट में घायल हुए युवक के भाई ने ही आज लंगड़ी गैंग के युवकों पर गोली चला दी। हमलावर बिना नंबर की थार गाड़ी में सवार होकर आए थे। पुलिस बोली- अभी कुछ कहा नहीं जा सकता
नारनौल में सीआईए इंचार्ज संदीप ने बताया कि अभी उन्हें केवल सूचना मिली है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस जांच कर रही है। जांच के बाद ही कुछ बता पाएंगे।
नारनौल में पार्क के पास खड़े युवकों पर फायरिंग:थार में सवार होकर आए 3 हमलावर, तीन गोलियां चलाईं; एक युवक बाल-बाल बचा
