कुरुक्षेत्र में 8वीं कक्षा के छात्र को घोंपा चाकू:साइकिल पर स्कूल से घर लौट रहा था, रास्ता रोककर पीटा

Spread the love

कुरुक्षेत्र जिले में स्कूल से साइकिल पर घर लौट रहे 8वीं क्लास के छात्र पर तीन युवकों ने रास्ता रोककर चाकू से हमला कर दिया। पेट के साइड में चाकू लगने से छात्र बुरी तरह घायल हो गया। अभी छात्र का प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है। कलाल माजरा गांव के रहने वाले ज्ञानेंद्र ने बताया कि वह सेक्टर-3 में कपड़े प्रेस करके परिवार का गुजारा चलाता है। उसका 12 साल का बेटा महेंद्र गांव के ही सरकारी स्कूल में पढ़ता है। उसका बेटा महेंद्र स्कूल से साइकिल पर घर की ओर आ रहा था, तभी कुछ युवक अचानक सामने आ गए और उसे घेर लिया। चाकू मारकर हुए फरार उन्होंने महेंद्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उनमें से एक युवक ने महेंद्र पर चाकू से वार कर दिया। पेट में चाकू लगते ही उसका बेटा महेंद्र लहूलुहान हो गया। उसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। उसके बेटे की किसी से कोई रंजिश नहीं है और ना उसका किसी के साथ कोई झगड़ा हुआ। अभी खतरे से बाहर स्थिति सूचना पाकर वे तुरंत मौके पर पहुंचे और महेंद्र को पास के प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया। यहां बेटे का इलाज चल रहा है और अभी खतरे से बाहर है। इसी महीने से बेटे के पेपर भी शुरू होने वाले हैं। परिवार ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उधर, सेक्टर-4 चौकी इंचार्ज मलकीत सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।