कुरुक्षेत्र में दोस्त के रिश्तेदार ने 4 लाख ठगे:ऑस्ट्रेलिया का वर्क वीजा देने का झांसा दिया, वीजा लगवाया ना पासपोर्ट लौटा रहा

Spread the love

कुरुक्षेत्र जिले के बाबैन में ऑस्ट्रेलिया भेजने और वहां नौकरी दिलाने का झांसा देकर दोस्त के रिश्तेदार ने 4 लाख रुपए की धोखाधड़ी की। आरोपी बहाने बनाकर शिकायतकर्ता से पैसे लेता रहा, लेकिन वीजा नहीं लगवाया। अब आरोपी ने पैसे और पासपोर्ट लौटाने से भी मना कर दिया। गांव काली रोनों के शिव चरण ने बताया कि साल 2023 में उसके पास कोई काम-धंधा नहीं था, इसलिए वह नौकरी की तलाश में था। अक्टूबर 2023 में उसकी मुलाकात दोस्त के रिश्तेदार मनोज कुमार और सेवाराम से हुई। दोनों ने भरोसा दिलाया कि वे उसे ऑस्ट्रेलिया भेजकर अच्छी नौकरी लगवा देंगे। वर्क वीजा दिलाने के मांगे 12 लाख इसके एवज में ऑस्ट्रेलिया वर्क वीजा दिलाने के लिए 12 लाख रुपए मांगे। इस पेमेंट में बात तय होने पर उसने आरोपियों को जनवरी 2024 में पासपोर्ट व डॉक्यूमेंट के साथ 50 हजार रुपए दिए। यह पैसे दोनों ने फाइल प्रोसेसिंग के नाम पर लिए थे। जून 2024 में वीजा आने का दावा करते हुए आरोपियों ने उससे दोबारा पैसे मांगे। तब आरोपी उससे 9 जून 2024 को 2 लाख रुपए और 13 जून को 1 लाख रुपए का चेक टिकट के नाम पर ले गए। इसके अलावा आरोपियों ने अलग-अलग बहाने बनाकर 50 हजार रुपए नकद भी लिए। टिकट देने के बहाने टालता रहा पैसे लेने के बाद आरोपी टिकट देने के लिए टालता रहे। उसने अपने गांव के संपर्क के जरिए उनसे बातचीत की, तो आरोपियों ने पैसे और पासपोर्ट लौटाने से मना कर दिया। उसने वीजा लगवाने के लिए कहा, तो उससे भी मना कर गए और जान से मरवाने की धमकी देने लगे। पुलिस ने बाबैन थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।