कुरुक्षेत्र में डेयरी संचालक से 3.63 लाख ठगे:NIT का सैनिक बनकर किया कॉल, दूध लेने का बनाया बहाना, बातों में उलझाकर करवाई पेमेंट

Spread the love

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में दूध की डेयरी चलाने वाले से साइबर ठग ने 3.63 लाख रुपए की चपत लगा दी। ठग ने पहले 60 लीटर दूध की सप्लाई का ऑर्डर दिया, फिर पेमेंट के नाम पर PhonePe के जरिए कई ट्रांजैक्शन करवाकर खाते से रकम निकलवा ली। आरोपी ने खुद को NIT का सैनिक बताकर घटना को अंजाम दिया। गुरनाम दास निवासी बहादुरपुरा ने पुलिस को बताया कि उसकी झांसा रोड पर दूध की डेयरी हैं। उसकी डेयरी पर युवक आता-जाता था। हालांकि वह उसका नाम नहीं जानता है। कुछ दिन पहले उस युवक ने उससे उधार पैसे मांगे, लेकिन उसने पैसे देने से मना कर दिया। इसके बाद वह युवक उसकी दुकान से चला गया। शाम को आई कॉल उसी शाम उसके मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को NIT कुरुक्षेत्र का सैनिक बताया। सैनिक बने कॉलर ने कहा कि NCC के बच्चों के लिए 60 लीटर दूध चाहिए। उसे यह सप्लाई लगातार एक महीने तक करनी होगी। उसने दूध का भाव तय कर लिया। अगले दिन उसने उसी नंबर को कॉल किया। झांसा में लेकर करवाई पेमेंट उसने कॉलर से दूध पहुंचाने का पता पूछा तो ठग ने पहले पेमेंट करने की बात कही। आरोपी ने उसे अपनी बातों में उलझा लिया और उससे उसके मोबाइल में PhonePe ऐप को खुलवा लिया। आरोपी ने उसे ऐप के अंदर More ऑप्शन में जाकर पेमेंट ऐड करने को कहा। उसने कॉलर की बात मान ली।

अकाउंट से कट गए 3.63 लाख जैसे ही उसने ऐन के अंदर अपना पिन डाला उसके अकाउंट से करीब कुल 3.63 लाख रुपए की ट्रांसजेक्शन हो गई। उसके पास पैसे कटने का मैसेज आया तो उसे साइबर ठगी होने का भनक लगी। उसने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने साइबर थाना कुरुक्षेत्र में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।