हिसार में रहने वाली एक युवती ने करनाल के युवक पर शादी का झांसा देकर बार-बार शारीरिक संबंध बनाने, गर्भवती होने पर जबरन दवा खिलाकर गर्भपात कराने और बाद में शादी से इनकार करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने बताया कि पति की मौत के बाद वह मायके में रह रही थी। इसी दौरान सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर युवक से संपर्क हुआ, जिसने उसकी मजबूरी का फायदा उठाया। पुलिस ने महिला विरुद्ध अपराध पाए जाने पर जीरो एफआईआर दर्ज कर केस करनाल भेज दिया है। हिसार निवासी 24 वर्षीय महिला ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसकी शादी 16 मई 2020 को हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। इस शादी से उसका चार साल का बेटा है। 18 जून 2022 को उसके पति की काला पीलिया से मौत हो गई थी। पति की मृत्यु के बाद वह मायके आकर घरेलू कामकाज कर जीवन यापन कर रही थी। इंस्टाग्राम पर हुई पहचान, युवक ने जताई हमदर्दी पीड़िता ने बताया कि 18 सितंबर 2022 को उसकी इंस्टाग्राम पर करनाल के युवक अमन से बातचीत शुरू हुई। युवक ने उसके हालात जानकर हमदर्दी जताई और जीवनभर साथ देने, शादी करने तथा उसके बेटे को भी अपनाने की बात कही। अमन की बातों पर भरोसा कर वह उससे मिलने हिसार से करनाल जाने लगी। होटल में शादी का झांसा देकर बनाए संबंध 12 मई 2023 को आरोपी ने पहली बार उसे करनाल बुलाया। बस स्टैंड के पीछे स्थित रॉयल होटल में आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी काम के सिलसिले में चार महीने के लिए उज्जैन चला गया। उज्जैन से लौटने के बाद फिर बुलाया, गर्भवती हुई युवती पीड़िता के अनुसार, 18 सितंबर 2025 को उज्जैन से लौटने के बाद आरोपी ने अपने जन्मदिन के बहाने फिर करनाल बुलाया। वह करीब 15 दिन तक आरोपी के साथ रही, इस दौरान कई बार शारीरिक संबंध बने। इसी दौरान वह गर्भवती हो गई। जब उसने यह बात आरोपी को बताई तो उसने जबरन दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया। शादी से मुकरा आरोपी, कहीं और तय की सगाई पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2024 में होली के आसपास आरोपी ने शादी का वादा किया था, लेकिन जिस दिन शादी होनी थी, उस दिन उसने परिवार की सहमति न होने का हवाला देकर शादी से इनकार कर दिया। बाद में उसे पता चला कि आरोपी की कहीं और सगाई हो चुकी है और जल्द ही उसकी शादी तय कर दी गई है।
महिला वकील की मौजूदगी में दर्ज हुए बयान पीड़िता ने एचटीएम थाना हिसार में शिकायत दी थी। जांच के दौरान मामला करनाल से जुड़ा पाया गया। 22 जनवरी को शिकायत करनाल पहुंची। 30 जनवरी को महिला वकील की मौजूदगी में पीड़िता की काउंसलिंग कर बयान दर्ज किए गए। जीरो एफआईआर दर्ज, केस करनाल पुलिस को सौंपा गया पुलिस जांच में महिला विरुद्ध अपराध पाए जाने पर जीरो एफआईआर दर्ज की गई। एफआईआर की प्रति और वकील की रिपोर्ट आगे की कार्रवाई के लिए करनाल के संबंधित थाना को भेज दी गई है। अब इस मामले की जांच करनाल पुलिस द्वारा की जाएगी।
करनाल में शादी का झांसा देकर विधवा से बार-बार रेप:पति की मौत के बाद मायके में थी; इंस्टाग्राम पर हुई पहचान, गर्भवती हुई
