करनाल में शादी का झांसा देकर 90-हजार हड़पे:बहू को एक दिन बाद ले गए साथ, सभी रस्मों के नाम पर वसूली राशि

Spread the love

करनाल जिले में घरौंडा क्षेत्र के एक गांव में बेटे की शादी कराने का झूठा भरोसा देकर करीब 90 हजार रुपए ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी तय कराने के नाम पर अलग-अलग बहानों से रकम ली गई। शादी के बाद बहू केवल एक दिन ससुराल में रही और फिर उसे अपने साथ ले जाया गया। अब उसे वापस नहीं भेजा जा रहा। पुलिस ने शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। महिला ने दर्ज कराई शिकायत गांव कलहेड़ी की एक महिला ने घरौंडा पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि बीती 13 नवंबर 2025 को उसके बेटे की शादी कराने की बात करनाल के मांगा राम, मोदीपुर ढाकला के गुरनाम सिंह, करनाल के गांधी नगर की सीमा, आरती और गौरव ने की थी। आरोप है कि इन लोगों ने शादी पक्की कराने का भरोसा दिया। शुरुआत से ही लेने लगे पैसे शिकायत के अनुसार पहले दिन 500 रुपए और फिर 600 रुपए बिचौलिए के तौर पर लिए गए। इसके बाद पुत्रवधू पूजा पुत्री रमेश निवासी संगरोली यमुनानगर की मांग भराई के नाम पर 4500 रुपए लिए गए। फिर 16 हजार रुपए और 10 हजार रुपए अलग-अलग बहानों से ले लिए गए। शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि तीन महीने पहले गुरनाम 13 हजार रुपए लेकर गया था। इसके अलावा 12 हजार रुपए बहू के श्रृंगार और मेकअप का सामान खरीदने की बात कहकर लिए गए। 1200 रुपए मेहंदी लगवाने के, 1400 रुपए सूट और दो तोड़े के नाम पर भी लिए गए। महाशिवरात्रि पर भी मांगे पैसे महिला का कहना है कि बीती 15 फरवरी को महाशिवरात्रि वाले दिन 20 हजार रुपए और लिए गए। 3500 रुपए पंडित के नाम पर और 2100 रुपए गाड़ी का किराया लिया गया। 500 रुपए फोटोग्राफर को दिए गए। इसके बाद 16 फरवरी को 1000 रुपए नकद और 1500 रुपए श्रृंगार के नाम पर और ले लिए गए। इस तरह कुल मिलाकर करीब 90 हजार 300 रुपए खर्च हो गए। एक दिन रही बहू, फिर ले गए साथ शिकायत में बताया गया है कि शादी के बाद पूजा केवल एक दिन ही उसके घर पर रही। अगले दिन मांगा राम, गुरनाम, सीमा, आरती और गौरव उसे अपने साथ ले गए। जब भी परिवार वाले बहू को लेने जाते हैं, तो उसे भेजने से मना कर दिया जाता है। बार-बार निवेदन करने पर भी आरोपी नहीं माने, जिससे महिला का शक गहरा गया कि उनके साथ शादी के नाम पर धोखा हुआ है और उन्होने मामले की शिकायत 24 फरवरी को घरौंडा थाने में कर दी। फिलहाल मामला दर्ज नहीं हुआ है और पुलिस जांच कर रही है। मामले की जांच में जुटी पुलिस शिकायतकर्ता महिला ने मांग की है कि उसके बेटे की शादी का झूठा आश्वासन देकर पैसे हड़पने वाले मांगा राम, गुरनाम, सीमा, आरती और गौरव के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। घरौंडा थाने मामले के जांच अधिकारी उमेश त्यागी ने बताया कि गांव कलहेड़ी की एक महिला ने शिकायत दी है कि उसके पुत्र की शादी में धोखाधड़ी हुई है। शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। जिन लोगों के नाम शिकायत में दिए गए हैं, उनसे संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। सभी को थाने में बुलाकर पूरे मामले की गहनता से जांच की जाएगी।