करनाल जिला में कुंजपुरा थाना क्षेत्र के गांव खराजपुर में एक युवक को शराब पिलाकर जिंदा जलाने की कोशिश और नकदी व मोबाइल लूटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपियों को युवक को उसी के घर में पहले शराब पिलाई गई, फिर उस पर आग लगा दी गई। झुलसे युवक को परिजन अलग-अलग शहरों में इलाज के लिए लेकर गए। अब पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत पुलिस को की है। जिसके बाद सोमवार देर रात को पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों को मिली सूचना, झुलसी हालत में मिला भाई गांव खराजपुर निवासी प्रेम पुत्र बलवान सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 13 दिसंबर को करीब 3 बजे उसे उसके चाचा के लड़के सुनील ने सूचना दी कि उसके भाई बिक्की उर्फ विकास को आग लगा दी गई है। सूचना मिलते ही वह घर पहुंचा, जहां उसका भाई गंभीर रूप से झुलसी हालत में मिला। आरोपियों ने पैसे होने की जानकारी पर बुलाया घर पीड़ित बिक्की उर्फ विकास ने परिजनों को बताया कि गांव खराजपुर के रवि और सचिन उर्फ भिंडी उसके साथ घर आए थे। दोनों को पहले से जानकारी थी कि उसके पास पैसे हैं। आरोप है कि दोनों ने उसे शराब पिलाई और फिर जान से मारने की नीयत से आग लगा दी। नकदी और मोबाइल लेकर फरार होने का आरोप आरोप है कि घटना के बाद दोनों आरोपी पीड़ित के ट्रैक सूट से 18 हजार रुपए और मोबाइल फोन निकालकर ले गए। इसके बाद परिजन घायल विकास को इलाज के लिए पहले कुंजपुरा, फिर करनाल और बाद में रोहतक लेकर गए, जहां उसका उपचार कराया गया। पीजीआई से उसको छुट्टी दे दी गई थी, अब उसका उपचार घर पर ही चल रहा है। हालात अब भी ठीक नहीं है। बताया जा रहा है कि युवक करीब 80 फीसदी झुलसा हुआ है। पुलिस ने दर्ज किया मामला, गिरफ्तारी की तैयारी पीड़ित परिवार ने बीती रात मामले की शिकायत कुंजपुरा पुलिस को दी है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी विक्रांत ने बताया कि शिकायत के अनुसार मामला दर्ज किया गया है और नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
करनाल में युवक को जिंदा जलाने की कोशिश:पहले पिलाई शराब, नकदी-मोबाइल लूटने का आरोप, दो लोगों पर केस
