कानपुर में बाप-बेटे की बीच सड़क हत्या:बाइकों की टक्कर के बाद दबंगों ने चाकू से गोदा, एक बेटे की हालत गंभीर

Spread the love

कानपुर में दबंगों ने रविवार रात पिता और उनके दो बेटों पर चाकू से हमला कर दिया। इसमें पिता और एक बेटे की मौत हो गई। एक बेटे की हालत गंभीर बनी है। मौके पर मौजूद भीड़ ने एक आरोपी को पकड़ कर जमकर पीटा। फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। दो आरोपी मौके से भाग निकले। घटना यशोदा नगर बाईपास की है। वृंदावन गेस्ट हाउस के सामने हुआ झगड़ा यशोदा नगर बाईपास स्थित वृंदावन गेस्ट हाउस के सामने बाइक सवार पिता-पुत्रों की अपाचे और एक अन्य बाइक से मामूली टक्कर हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई। यह देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि आरोपियों ने पहले हेलमेट, फिर लात-घूसों से हमला किया। इसके बाद ईंट और चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में पिता और उनके दोनों बेटे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और तड़पने लगे। सूचना मिलते ही नौबस्ता पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों घायलों को हैलट अस्पताल लेकर गई। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद शिव नारायण और शिवम को मृत घोषित कर दिया, जबकि सत्यम की हालत गंभीर बनी हुई है। पिता और बेटे की मौत, दूसरे बेटे की हालत गंभीर मृतकों की पहचान चकेरी के रामपुर कांशीराम कॉलोनी, सजारी गांव में रहने वाले शिव नारायण त्रिवेदी (60) और उनके बेटे शिवम (25) के रूप में हुई है। वहीं, 30 साल का सत्यम गंभीर रूप से घायल है। उसका इलाज चल रहा है। घरवालों के मुताबिक, तीनों किदवई नगर स्थित कनक मार्बल में नौकरी करते थे। रविवार रात काम खत्म होने के बाद घर लौटते समय यह घटना हुई। डॉक्टरों के मुताबिक, दोनों के सीने, पेट, चेहरे पर चाकू के वार हैं। घायल बेटे की पीठ, हाथ और पेट में चाकू लगे हैं। भीड़ ने एक आरोपी को पकड़ा घटना के दौरान चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग बचाने पहुंचे। लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्रता की। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने एक आरोपी शिवा वर्मा को पकड़ लिया। फिर उसकी जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। शिवा डिलीवरी ब्वॉय है। वहीं, आरोपी करन वर्मा और उत्सव अवस्थी मौके से फरार हो गए। ये आरोपी नौबस्ता के बताए जा रहे हैं। पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर रही है। फरार दोनों आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई। तनाव को देखते हुए पीड़ित परिवार के घर के आसपास और घटनास्थल के पास पुलिस तैनात की गई है। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल समेत आला पुलिस अधिकारी मौके पर हैं। घरवाले बोले- हत्यारों को भी ऐसी ही मौत मिले शिवनारायण की पत्नी सुधा त्रिवेदी ने कहा- जैसे हमारे पति और बेटे को मारा गया है। वैसे ही हत्यारों को भी सजा मिलनी चाहिए, तभी हमारे कलेजे को ठंडक मिलेगी। परिवार के अन्य लोगों ने भी चीख-चीखकर कहा- फरार दोनों हत्यारों को पुलिस जल्द गिरफ्तार करे। उन्हें छोड़ा न जाए। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया- पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। जल्द ही फरार दोनों आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। पुलिस को मौके पर साइन, अपाचे और डिस्कवर तीन बाइकें मिली हैं। एक बाइक मृतक पक्ष की होगी, जबकि दो बाइकें हमलावर पक्ष की मानी जा रही हैं। ———————— यह खबर भी पढ़िए- ‘रील बनाने से रोकने पर गाली दी, मोटी कहा’:काशी में इंफ्लुएंसर को पीटने वाली छात्राएं बोलीं- वह नकल से टॉप करती है वैष्णवी ने हमें गाली दी और मोटी कहा। वह बाल खींचकर वहां से भाग गई। हमने जो किया वह एक्शन पर रिएक्शन था। लोगों ने आधी वीडियो देखी है। उन्हें पूरी वीडियो देखनी चाहिए। वह दो बार की टॉपर है, लेकिन नकल से पास होती है। पढ़ें पूरी खबर…