हरियाणा के कैथल में पत्नी की शालू की हत्या करने के बाद आरोपी पति अरुण खुद भी सुसाइड करने वाला था। यह चौंकाने वाली बात अरेस्ट होने के बाद उसने पुलिस को पूछताछ में बताई। बताया कि वह सुसाइड नोट भी लिख चुका था। मगर, जब पत्नी का गला दबाया तो वह खूब तड़पी। उसने बचने के लिए हाथ पांव मारे, लेकिन तब तक उसका गला दबाए रखा, जब तक उसकी सांसे नहीं थम गई। इसके बाद वह खुद भी अपनी जान देना चाहता था, लेकिन हिम्मत नहीं जुटा सका। पूरी रात वह डेडबॉडी के पास ही बैठा रहा। दोनों बच्चे भी बेड पर ही सोते रहे।
अगले दिन सुबह 11 बजे तक जब आरोपी की हिम्मत जवाब दे गई और कुछ नहीं सूझा तो सामने घर में पोंछा लगा रही भाभी दामिनी को बताया कि “मैंने अपनी पत्नी को मार दिया है, आप संभाल लेना”। इसके बाद घर से भाग गया। गिरफ्तारी होने तक वह शहर में ही घूमता रहा। उधर, पुलिस के हाथ यह सुसाइड नोट भी लगा है। इसके अलावा पुलिस की जांच में यह बात भी सामने आई है कि आरोपी गहने चोरी करने के मामले में जेल गया था। वह जमानत पर बाहर था। अब वह पत्नी की हत्या में फिर से जेल की सींखचों के पीछे पहुंच गया है। पहले जानिए सुसाइड नोट में क्या और चोरी का क्या था मामला… सुसाइड नोट में लिखा- पत्नी के मायके जाने से परेशानी शहर थाना एसएचओ गीता ने बताया कि सुसाइड नोट में आरोपी अरुण ने लिखा था कि वह अपनी पत्नी शालू से बहुत प्रेम करता है, लेकिन उसके बार बार मायके जाने के कारण उसे परेशानी होती है। इस कारण से परेशान होकर वह पहले अपनी पत्नी को मार देगा और बाद में खुद सुसाइड कर लेगा। सुसाइड नोट में दोनों की मौत का कारण आरोपी ने स्वयं को बताया, लेकिन पत्नी की हत्या के बाद सुसाइड नहीं किया। सोने-चांदी के गहने किए थे चोरी, पुलिस ने भेजा था जेल शहर थाना एसएचओ गीता ने बताया कि जांच में पता चला कि आरोपी पर पहले भी चोरी का मामला शहर थाने में दर्ज है। उसने कैथल के चंदाना गेट स्थित एक मकान से लाखों रुपए कीमत के सोना चांदी के गहने और रुपए चोरी किए थे। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। कुछ गहने भी रिकवर हुए थे। इस मामले में उसने जमानत ले ली थी और जेल से बाहर आ गया था। अब जानिए कैसे की पत्नी की हत्या, सिलेवार ढंग से पढ़ें… शुक्रवार की रात को शराब पीकर घर आया : शहर थाना एसएचओ गीता के मुताबिक, आरोपी अरुण ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि शुक्ववार की रात को वह शराब पीकर घर आया था। घर में उस वक्त पत्नी शालू और उसके दोनों बच्चे थे। इस दौरान उसका पत्नी से झगड़ा हुआ, जो कुछ देर में ही शांत हो गया है। रात में दो बजे उठा और पत्नी का गला दबाया : अरुण ने पूछताछ में बताया कि उसने अपनी पत्नी का मर्डर करीब दो से ढाई बजे के बीच किया। पहले वे बच्चों को सुलाकर सो गए थे। मगर, रात करीब 2 ढाई बजे वह उठा और पत्नी का गला दबा दिया। गला दबाने के कारण पत्नी बेसुध हो गई। दो बार दबाया गला, तड़प-तड़प कर मरी: आरोपी अरुण ने बताया कि पत्नी शालू मृत समझकर उसने गले को छोड़ दिया और उसके पास ही बैठ गया। मगर, कुछ देर बाद शालू फिर से हिलने डुलने लगी तो दोबारा से उसका गला दबा दिया। इसके बाद जब तक गला दबाए रखा, जब वह तक उसकी सांसे थम नहीं गई। इस दौरान वह खूब तड़पी। बचने के लिए हाथ पांव भी मारे। मां को सोता समझ बच्चे भी पास ही सोते रहे : अरुण ने आगे बताया कि जिस समय उसने पत्नी हत्या की, उस समय दोनों बच्चे भी पास में सो रहे थे। रविवार की सुबह तक भी बच्चे उसके पास ही सोते रहे, जबकि वह कभी घर के अंदर और कभी बाहर घूमता रहा। सुसाइड करने की सोचता रहा, लेकिन हिम्मत नहीं जुटा सका। भाभी को हत्या की जानकारी देकर भाग गया : एसएचओ के मुताबिक, आरोपी ने आगे बताया कि रविवार सुबह करीब दस से साढ़े बजे तक वह इसी तरह ऊहापोह की स्थिति में रहा। सुसाइड नोट लिख चुका था, लेकिन आत्महत्या करने की हिम्मत नहीं हो रही थी। नशा भी उतर चुका था। बच्चे भी जागने वाले थे। जब कुछ सूझा नहीं तो भाभी को जानकारी देकर घर से भाग गया। सास को भी कॉल किया, पत्नी का मोबाइल तोड़ा : अरुण ने बताया कि भागने से पहले उसने अपनी सास सुनीता देवी को भी कॉल किया। बताया कि आपकी बेटी इस दुनिया में नहीं रही। मैंने ही मारी है। जब मैंने कहा कि झूठ बोले रहे हो, तो बोला- फोटो भेजू क्या। इस पर उसकी सास सुनीता से बहस हो गई। गुस्से में उसने पत्नी का मोबाइल भी तोड़ दिया था। मायके वालों ने किया अंतिम संस्कार, बच्चों को भी साथ ले गए उधर, मृतक शालू का अंतिम संस्कार पंजाब के बठिंडा के रहने वाले उसके मायके वालों ने ही किया। पोस्टमॉर्टम कराने के बाद मायके वाले उसके शव को संस्कार के लिए बठिंडा ले गए। साथ ही उसके पांच साल के बेटे और तीन साल की बेटी को भी अपने साथ ले गए। पत्नी पर शक के चलते हत्या की बात कबूली : एसएचओ एसएचओ गीता के मुताबिक, आरोपी अरुण पत्नी शालू की हत्या करने के बाद शहर में ही घूमता रहा। पुलिस ने उससकी गिरफ्तारी के लिए टीमें दौड़ाई तो वह शीला खेड़ा ड्रेन के पास खड़ा मिल गया। पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया और थाने ले आए। एसएचओ ने बताया कि आरोपी अरुण ने पूछताछ में पत्नी के चरित्र पर शक को वजह बताते हुए हत्या करने की बात कबूल की है। ————————- ये खबर भी पढ़ें…. चरित्र पर शक था, इसलिए किया पत्नी का मर्डर:कैथल में आरोपी पति अरेस्ट, बोला- घर आते ही झगड़ा हुआ, गला घोंटा; सास ने खोले कई राज हरियाणा के कैथल में पत्नी शालू की हत्या करने वाले अरुण को पुलिस ने रविवार की दोपहर अरेस्ट कर लिया। उसने पूछताछ में कबूल किया कि वह पत्नी के चरित्र पर शक करता था। रात में घर आते ही झगड़ा हो गया, जिसके बाद मैंने उसका गला घोट दिया। इसके बाद भाभी दामिनी को बताकर फरार हो गया। (पूरी खबर पढ़ें)
कैथल में पत्नी के हत्यारे ने लिखा था सुसाइड नोट:नहीं जुटा सका हिम्मत, 9 घंटे डेडबॉडी के पास बैठा रहा; भाभी को ‘संभाल लेना’ कहकर भागा
