जींद में चाची की चाकू से गोदकर हत्या:दादी के सामने छाती-पेट पर किए वार; मुर्गे चोरी को लेकर विवाद, लव मैरिज की थी

Spread the love

जींद जिले के रायचंद वाला गांव में एक भतीजे ने अपनी 40 वर्षीय चाची की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वह रात को घर में घुस गया था। महिला ने करीब 14 साल पहले लव मैरिज की थी। उसका भतीजे के साथ कुछ दिन पहले मुर्गे चोरी होने पर विवाद चल रहा था। बुधवार रात को दादी के सामने ही उसकी चाकू से वार कर चाची रेशमा की हत्या कर दी। घर में अकेली थी महिला, भतीजे ने किया हमला
पुलिस के अनुसार, 20 वर्षीय अजय ने अपनी चाची रेशमा पर उस समय हमला किया जब वह घर पर अकेली थीं। आरोपी ने तेजधार हथियार से रेशमा के छाती और पेट पर कई वार किए और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतका की सास लिच्छमी देवी की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। मुर्गियां चोरी के शक से बढ़ा विवाद
गांव रायचंदवाला की लिच्छमी देवी ने बताया कि उनके बड़े बेटे अजमेर की करीब 20-25 दिन पहले कुछ मुर्गियां चोरी हो गई थीं। अजमेर को शक था कि ये मुर्गियां उसके छोटे भाई स्व. अशोक की पत्नी रेशमा ने चोरी की हैं। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों में मनमुटाव और झगड़ा चल रहा था। प्रेम विवाह के बाद अकेले संभाल रही थी परिवार की जिम्मेदारी
रेशमा ने समाज की परवाह न करते हुए करीब 14 साल पहले गांव रायचंदवाला के अशोक के साथ प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद उनके दो बेटे हुए — बड़ा बेटा युवराज (12 वर्ष) और छोटा बेटा हनुमान (8 वर्ष)। करीब एक साल पहले पति अशोक की मृत्यु के बाद रेशमा अपने दोनों बच्चों के साथ गांव में ही रह रही थी और परिवार की पूरी जिम्मेदारी संभाल रही थी। दादी के सामने की वारदात, रास्ते में तोड़ा दम
लिच्छमी देवी ने बताया कि 18 मार्च की रात करीब 8 बजे अजमेर का बेटा अजय हाथ में चाकू लेकर रेशमा के घर में घुस गया। शोर सुनकर जब वह मौके पर पहुंचीं, तो देखा कि अजय चाची रेशमा के पेट और छाती पर चाकू से वार कर रहा था। खून से लथपथ रेशमा आंगन में गिरकर तड़पने लगी। आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया। परिजन उसे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने जुटाए साक्ष्य, आरोपी की तलाश जारी
महिला की हत्या की सूचना मिलते ही अलेवा थाना प्रभारी मोहन लाल पुलिस बल के साथ रात करीब 8:30 बजे मौके पर पहुंचे। गांव के सरपंच प्रतिनिधि सुरेंद्र ने उन्हें घटना की जानकारी दी। सीन ऑफ क्राइम टीम जींद के इंचार्ज डॉ. धर्मेंद्र सिवाच ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस को मौके से खून से सना चाकू, खून से सने कपड़े, दो जोड़ी चप्पलें और खून के नमूने मिले हैं। हत्या का केस दर्ज, पुलिस का दावा जल्द गिरफ्तारी का
पुलिस ने मृतका की सास लिच्छमी देवी के बयान दर्ज कर आरोपी अजय के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।