जींद में शादी में डांस कर रहे युवक को पीटा:दोस्त की बारात में आया था; DJ को लेकर हुई कहासुनी, ईंटें चली

Spread the love

हरियाणा के जींद जिले के गांव दरियावाला में एक शादी समारोह के दौरान मारपीट का मामला सामने आया है। यहां डीजे पर नाचने के दौरान हुए मामूली विवाद में छह अज्ञात युवकों ने एक युवक पर ईंट से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित युवक चंडीगढ़ की एक कंपनी में जॉब एनालिस्ट है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीजे पर नाचने को लेकर हुआ विवाद हिसार के गांव गंगवा निवासी मलकीत सिंह (25), जो एमबीए पास है और चंडीगढ़ की ‘Eclerse’ कंपनी में कार्यरत है, ने पुलिस को बताया कि वह 6 जनवरी को अपने दोस्त राहुल लांबा की बारात में गांव दरियावाला आया था। शाम करीब 4:30 बजे जब वह अपने दोस्तों अंकित और लोकेश के साथ डीजे पर नाच रहा था, तभी वहां मौजूद 6 अज्ञात युवक, जो नशे में धुत थे, बिना किसी बात के झगड़ने लगे। ईंट से किया हमला, हिसार रेफर आरोप है कि उन युवकों ने मलकीत के दाएं पैर पर ईंट मारकर उसे गंभीर चोट पहुंचाई। जब उसके दोस्तों ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो उनके साथ भी हाथापाई की गई। घायल मलकीत को पहले नागरिक अस्पताल जींद ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिंदल अस्पताल हिसार रेफर कर दिया गया। मेडिकल रिपोर्ट (MLR) में मलकीत के शरीर पर तीन चोटों की पुष्टि हुई है, जिनमें से एक पैर की चोट काफी गंभीर बताई जा रही है। अज्ञात हमलावरों के खिलाफ FIR दर्ज जींद सदर थाना पुलिस ने घायल मलकीत के बयानों के आधार पर 7 जनवरी देर शाम को 6 अज्ञात युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 190, 191(2), 115(2) और 126(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और शादी के वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।