हिसार जिले में बिजली चोरी के खिलाफ अभियान चला रहे बिजली विभाग के कर्मचारियों के साथ मारपीट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला हिसार जिले के थाना अग्रोहा के गांव काजला में आरोप सामने आया है, जहां चेकिंग करने गई टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। अग्रोहा सब-डिवीजन के जेई देशराज, जेई सुभाष और लाइनमैन सतपाल ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव काजला के खेतों में स्थित एक ढाणी में बिजली की मुख्य लाइन से सीधी ‘कुंडी’ डालकर चोरी की जा रही है। सूचना के आधार पर जब टीम मौके पर पहुंची, तो पाया कि बिजली लाइन पर अवैध रूप से कुंडी लगी हुई थी और सरेआम बिजली चोरी हो रही थी।
कार्रवाई के दौरान हुआ हमला टीम ने जैसे ही चोरी पकड़ने और कार्रवाई शुरू करने की कोशिश की, वहां मौजूद लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कर्मचारियों के साथ हाथापाई और तेजधार हथियार से हमले का प्रयास किया गया। लेकिन गनीमत रही कि कर्मचारी बच गए,ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें अपना काम करने से रोका गया, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। पुलिस को दी गई शिकायत घटना के तुरंत बाद बिजली विभाग के अधिकारियों ने अग्रोहा थाना में मामले की लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। जेई देशराज और उनकी टीम ने हमलावरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। बिजली यूनियन पदाधिकारियों ने जताया विरोध आल हरियाणा पावर कोपरेशन वर्कर यूनियन के खंड अग्रोहा संगठन प्रधान उमेश बूरा, वरिष्ठ उपप्रधान ओमप्रकाश, सचिव रमेश,यूनिट प्रधान विजेंद्र पूनिया, कोषाध्यक्ष बलबीर खीचड़, सहित अग्रोहा बिजली विभाग के अन्य कर्मचारियों ने शनिवार को कार्यालय परिसर में एक गेट मीटिंग कर कर्मचारियों पर हमले को लेकर अपना रोष प्रकट किया। सुरक्षा नहीं तो काम नहीं गेट मीटिंग में बिजली कर्मचारियों ने कहा कि अधिकारियों द्वारा बिजली कर्मचारियों पर बिजली चोरी पकड़ने का दबाव बनाया जाता है। जब वो बिजली चोरी पकड़ने जाते हैं तो स्थानीय लोगों द्वारा उनके साथ मारपीट की जाती है। कर्मचारियों ने कहा कि जब भी विभाग का कर्मचारी बिजली चोरी पकड़ने जाए तो उन्हें पुलिस सुरक्षा मिलनी चाहिए। यूनियन के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने कहा कि जब कर्मचारियों को सुरक्षा मिलेगी तभी वो बिजली चोरी पकड़ने जाएंगे।
आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर दिया अल्टीमेटम आल हरियाणा पावर कोपरेशन वर्कर यूनियन के खंड अग्रोहा संगठन प्रधान उमेश बूरा, वरिष्ठ उपप्रधान ओमप्रकाश, सचिव रमेश,यूनिट प्रधान विजेंद्र पूनिया, कोषाध्यक्ष बलबीर खीचड़, सहित अग्रोहा बिजली विभाग के अन्य कर्मचारियों ने कर्मचारियों ने एकसुर में कहा कि अग्रोहा पुलिस द्वारा कर्मचारियों पर हमले के आरोपितों को दो दिन में गिरफ्तार नहीं किया और उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो कर्मचारी अपना काम छोड़, कार्यालय बंद कर कार्यालय के आगे धरने पर बैठ जाएंगे, जिसके लिए पूरी तरह से प्रशासन की जिम्मेदार होगा।
