हिसार में भगवान वाल्मीकि पर टिप्पणी से भड़के लोग:एसपी से मिले समिति पदाधिकारी; हरियाणवी कलाकार बिट्टू सोरखी के खिलाफ दी शिकायत

Spread the love

हिसार जिले में भगवान वाल्मीकि पर एक कलाकार की कथित विवादित टिप्पणी से वाल्मीकि समाज में रोष फैल गया है। समाज के प्रतिनिधियों ने हरियाणवी एक्टर और गायक बिट्टू सोरखी पर यूट्यूब पॉडकास्ट के दौरान भगवान वाल्मीकि के बारे में मनगढ़ंत कहानी सुनाने और अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया है। मामले में वाल्मीकि समाज के लोगों ने हिसार एसपी को लिखित शिकायत सौंपी है। शिकायत में कलाकार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी टिप्पणियों पर रोक लगाने की मांग की गई है। हिसार एसपी शशांक कुमार सावन ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल इस प्रकरण को लेकर समाज में आक्रोश का माहौल है। लोग प्रशासन से इस संबंध में सख्त कदम उठाने की अपेक्षा कर रहे हैं। भगवान वाल्मीकि समाज के आराध्य- देवेंद्र अनुसूचित जाति पंचायत महासभा समिति के प्रधान देवेंद्र ने बताया कि भगवान वाल्मीकि रामायण के रचयिता और वाल्मीकि समाज के आराध्य गुरु हैं। उनके बारे में की गई टिप्पणी से समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। देवेंद्र ने कहा कि कलाकार द्वारा सुनाई गई कहानी का उल्लेख किसी भी सनातन धर्म ग्रंथ या प्रमाणित पुस्तक में नहीं मिलता। उन्होंने आरोप लगाया कि यह टिप्पणी सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के उद्देश्य से जान बूझकर की गई है। हमारे भगवान पर की अभद्र टिप्पणी पुलिस को दी शिकायत में लोगों ने कहा कि हरियाणवी एक्टर बिट्टू सोरखी द्वारा रामायण रचयिता, वाल्मीकि समाज के आराध्य, ईष्टगुरु भगवान वाल्मीकि जी पर अभद्र भाषा में मनगढ़ंत टिप्पणी की, जिससे पूरे वाल्मीकि समाज में रोष है। गायक बिट्टू सोरखी द्वारा बताई गई मनगढ़ंत कहानी का संदर्भ किसी सनातन (धर्म ग्रन्थ, पुस्तक में नहीं पाया गया। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट का दिया हवाला पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट चंडीगढ़ के आदेशानुसार भगवान वाल्मीकि पर मनगढ़ंत कहानी गढ़ने व अभद्र टिप्पणी करने पर कार्रवाई की जा सकती है। अतः आपसे निवेदन करते हैं वाल्मीकि समाज की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले हरियाणवी एक्टर बिट्टू सोरखी के खिलाफ संवैधानिक अनुच्छेद द्वारा सख्त कार्रवाई की जाए।