हिसार जिले के गांव डुबेटा में युवक को चोरी का आरोपी बताकर जातिसूचक टिप्पणियां करने और उसके साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। युवक को बचाने पहुंची उसकी मां और बहन को भी आरोपियों ने घर में बंद कर पीटा। आजाद नगर थाना पुलिस ने बलजीत, ईश्वर, उमेद, राजकुमार, राज सांगवान, कृष्णा, अनिल, वनेश, अमित और कृष्ण पंघाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच डीएसपी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है। परिवार को दोबारा हमले का खतरा शिकायतकर्ता ने बताया कि घटना के बाद परिवार डरा हुआ था, इसलिए तुरंत शिकायत नहीं दी। बाद में पुलिस के बुलाने पर चौकी पहुंचकर शिकायत दी गई, जिसके आधार पर केस दर्ज किया गया। मारपीट में राहुल, उसकी मां यशवंती और अंकित को चोटें आईं, जिनका सरकारी अस्पताल में मेडिकल करवाया गया। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी पक्ष से उसे और उसके परिवार को दोबारा हमले का खतरा है। घर के अंदर घसीट कर ले गए पुलिस को दी शिकायत में राहुल ने बताया कि 25 फरवरी को उसके दोस्त अंकित का गैस सिलेंडर चोरी हो गया था। जब वह अंकित के घर पहुंचा, तो वहां मौजूद कुछ लोगों ने उस पर चोरी का आरोप लगाते हुए जातिसूचक शब्द कहे। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उसके साथ मारपीट कर उसे घसीटकर घर के अंदर ले गए तथा गेट बंद कर दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार उसे छुड़ाने आई उसकी मां यशवंती और बहन को भी घर के अंदर बंद कर दिया गया। आरोप है कि एक महिला आरोपी ने उसकी मां के साथ मारपीट की, जबकि अन्य आरोपी बाहर खड़े होकर किसी को अंदर नहीं जाने दे रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिवार को बाहर निकाला।
हिसार में युवक को चोर बताकर पीटा:मां-बहन से भी मारपीट, SC-ST एक्ट समेत कई धाराओं में 10 नामजद पर केस
